मुंबई इंडियंस की टीम को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में 6 विकेट से एकतरफा हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में मुंबई इंडियंस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 162 रनों का स्कोर बनाया था, जिसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने टारगेट को 18.1 ओवर्स में काफी आसानी से हासिल कर लिया। इस मैच में सभी को रोहित शर्मा से बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन वह सिर्फ 35 रन ही बनाने में कामयाब हो सके। हालांकि रोहित शर्मा जब बल्लेबाजी कर रहे थे तो उनकी एक चालाकी ने सबसे ज्यादा सभी का ध्यान खींचा जिसके चलते दिल्ली कैपिटल्स टीम की एक डीआरएस बर्बाद हो गया और इसको लेकर खुद रोहित ने मुंबई इंडियंस की पारी के बाद खुलासा किया।
मैं कुलदीप को काफी अच्छी तरह से जानता हूं
रोहित शर्मा ने इस मैच में मुंबई इंडियंस की पारी खत्म होने के बाद ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए अपने खिलाफ लिए गए डीआरएस को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि मैं कुलदीप को काफी अच्छे से जानता हूं, उन्हें डीआरएस लेना पसंद है। इसलिए, मैं वहां बस थोड़ी सी किस्मत आजमाने की कोशिश कर रहा था। हालांकि इसके बाद मैं अगले ही ओवर में आउट हो गया। मुझे पता है कुलदीप को जैसे ही 50-50 का चांस दिखता है वह तुरंत डीआरएस लेने की कोशिश करता है। इसलिए मैं वहां बस अपनी किस्मत आजमा रहा था और फैसला हमारे पक्ष में रहा।
मुंबई इंडियंस को हार से हुआ नुकसान
हार्दिक पांड्या के बिना इस मैच में खेल रही मुंबई इंडियंस को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली 6 विकेट से हार के चलते प्वाइंट्स टेबल में उन्हें नुकसान का सामना करना पड़ा है। इस सीजन में जीत के साथ शुरुआत करने वाली मुंबई इंडियंस का ये दूसरा मुकाबला था और अब वह अंकतालिका में 2 मैचों में दो अंकों के साथ छठे नंबर पर पहुंच गए हैं, जिसमें उनका नेट रनरेट -0.206 का है। ऐसे में मुंबई इंडियंस के लिए आगामी मुकाबले काफी अहम हो गए हैं, जिसमें अब उन्हें अपना अगला मैच 7 अप्रैल को गुवाहाटी के मैदान पर राजस्थान रॉयल्स की टीम के खिलाफ खेलना है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस मैच में जीत के साथ 4 अंक होते ही अंकतालिका में सीधे पहले नंबर पर काबिज हो गई है।
ये भी पढ़ें