1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ध्रुव जुरेल ने जमाया धमाकेदार शतक, चौके और छक्कों की लाइन लगाकर ठोक दी टीम इंडिया की दावेदारी

ध्रुव जुरेल ने जमाया धमाकेदार शतक, चौके और छक्कों की लाइन लगाकर ठोक दी टीम इंडिया की दावेदारी

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Dec 29, 2025 02:17 pm IST,  Updated : Dec 29, 2025 02:17 pm IST

Dhruv Jurel : ध्रुव जुरेल ने विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार सेंचुरी ठोकी है। ये लिस्ट ए क्रिकेट में उनका पहला शतक है।

dhruv jurel- India TV Hindi
ध्रुव जुरेल Image Source : GETTY

Dhruv Jurel century: भारतीय टीम भले ही अभी इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर हो, लेकिन भारतीय खिलाड़ी अपना जलवा दिखा रहे हैं। शानदार प्रदर्शन कर खिलाड़ी अपनी अपनी दावेदारी टीम इंडिया के लिए ठोक रहे हैं। दरअसल इस वक्त विजय हजारे ट्रॉफी चल रही है, इसमें खिलाड़ी खेलते हुए दिख रहे हैं। अब एक मैच में सोमवार को ध्रुव जुरेल ने भी शानदार शतक ठोकने का काम किया है। 

उत्तर प्रदेश के लिए विजय हजारे में खेलते हैं ध्रुव जुरेल

विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश की ओर से खेलते हुए ध्रुव जुरेल ने बड़ौदा के खिलाफ सेंचुरी लगाई। जुरेल तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए और 101 बॉल पर शानदार 160 रन ठोककर आखिर तक नाबाद रहे। खास बात ये है कि लिस्ट ए क्रिकेट में ध्रुव जुरेल की ये पहली सेंचुरी है। अपनी इस पारी के दौरान जुरेल ने 15 चौके और 8 छक्के लगाने का काम किया। यही वजह रही कि यूपी की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 369 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा करने में कामयाबी हासिल की। ध्रुव के अलावा अभिषेक गोस्वामी ने 51 बॉल पर 51 रन और नीचे के क्रम में आकर रिंकू सिंह ने 67 बॉल पर 63 रन बनाए। 

अब तक भारत के लिए कोई वनडे नहीं खेल पाए हैं ध्रुव

ध्रुव जुरेल ने अभी तक भारत के लिए कोई भी वनडे इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है। वे टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल मैच भारतीय टीम के लिए खेल चुके हैं। ध्रुव ने अब तक भारत के लिए 9 टेस्ट खेलकर 459 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है। वहीं 4 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलकर उन्होंने 12 रन बनाए हैं। अब अगर उनका फार्म इसी तरह का रहा तो उनके पास मौका होगा कि वे भारत के लिए वनडे में भी डेब्यू करें। 

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए होना है टीम इंडिया का ऐलान

अगले महीने की 11 तारीख से भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज होनी है। सीरीज करीब है, लेकिन टीम इंडिया का ऐलान अभी तक इसके लिए नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि बीसीसीआई की सेलेक्शन कमेटी विजय हजारे में भारतीय प्लेयर्स की ओर से किए जा रहे प्रदर्शन पर बारीक नजर रखे हुए है। वैसे तो विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर ईशान किशन की दावेदारी सबसे ज्यादा मजबूत मानी जा रही है, लेकिन देखना होगा कि क्या सेलेक्टर्स जुरेल की इस पारी से कितना प्रभावित हुए हैं। 

यह भी पढ़ें 

ICC Rankings: साल खत्म होते- होते कैसी है टीम इंडिया की तीनों फॉर्मेट में रैंकिंग, दो में तो नंबर वन

विराट कोहली और रोहित शर्मा क्यों नहीं खेल रहे विजय हजारे ट्रॉफी का मुकाबला, ये है इसके पीछे का कारण

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल