1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. लिस्ट-ए क्रिकेट में भारतीय खिलाड़ी ने किया बड़ा कारनामा, लगातार 5वां शतक जड़ की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी

लिस्ट-ए क्रिकेट में भारतीय खिलाड़ी ने किया बड़ा कारनामा, लगातार 5वां शतक जड़ की वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Dec 26, 2025 07:24 pm IST,  Updated : Dec 26, 2025 07:24 pm IST

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में विदर्भ टीम की तरफ से खेल रहे ध्रुव शौरी के बल्ले से हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 109 रनों की बेहतरीन नाबाद पारी देखने को मिली, जिसके दम पर वह लिस्ट-ए क्रिकेट में एक बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी करने में कामयाब हो गए हैं।

Dhruv Shorey- India TV Hindi
ध्रुव शौरी Image Source : PTI

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में 26 दिसंबर को हैदराबाद और विदर्भ की टीम के बीच राजकोट के मैदान पर खेले गए मुकाबले को विदर्भ की टीम 89 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस मैच में विदर्भ की तरफ से 33 साल के बल्लेबाज ध्रुव शौरी के बल्ले का कमाल देखने को मिला जिन्होंने अपनी 109 रनों की पारी के दम पर लिस्ट ए क्रिकेट में एक बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली, जो इससे पहले भारतीय खिलाड़ी एन जगदीशन के नाम पर दर्ज था।

ध्रुव शौरी ने लिस्ट ए क्रिकेट में लगाया लगातार 5वां शतक

लिस्ट ए क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड अब 2 भारतीय खिलाड़ियों के नाम पर संयुक्त रूप से दर्ज है। इसमें पहला नाम एन जगदीशन का है जिन्होंने साल 2022-23 में खेली गई विजय हजारे ट्रॉफी में लगातार 5 शतक लगाए थे। वहीं उनके इस रिकॉर्ड की बराबरी अब ध्रुव शौरी ने कर ली है, जो 5 शतकीय पारी लगातार खेलने में कामयाब हो सके हैं। ध्रुव शौरी ने साल 2024-25 की विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मैच में शतक लगाया था, जिसके बाद उन्होंने इसे विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में भी जारी रखते हुए शुरुआती 2 मुकाबलों में शतक लगाने के साथ एन जगदीशन के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर संयुक्त रूप से चार खिलाड़ी हैं, जिसमें करुण नायर, देवदत्त पडिक्कल, कुमार संगकारा और एलवीरो पीटरसन का नाम है जिन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में लगातार चार शतकीय पारियां खेली हैं। इसमें कुमार संगकारा एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं, जिसमें उनके चारों लगातार शतक इंटरनेशनल क्रिकेट में देखने को मिले।

कप्तान हर्ष दुबे ने गेंद से दिखाया कमाल

हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में विदर्भ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर्स में 365 रनों का स्कोर बनाया था, जिसका पीछा करते हुए हैदराबाद की टीम 49.2 ओवर्स में 276 रन बनाकर सिमट गई। विदर्भ की तरफ से गेंदबाजी में उनके कप्तान हर्ष दुबे का कमाल देखने को मिला, जिन्होंने अपने 10 ओवर्स में 39 रन देने के साथ तीन विकेट हासिल किए। इसके अलावा नचिकेत और यश कदम 2-2 विकेट लेने में कामयाब रहे।

ये भी पढ़ें

मुंबई की टीम के खिलाड़ी को फील्डिंग के दौरान लगी गंभीर चोट, स्ट्रेचर पर लादकर मैदान से सीधे हॉस्पिटल भेजा गया

फैंस के हाथ लगी निराशा, पिछले मैच जैसा करिश्मा नहीं दोहरा सके रोहित; गोल्डन डक का हुए शिकार

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल