1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. क्या एशेज के लिए इंग्लैंड ने नहीं की थी कोई तैयारी? हेड कोच ने सीरीज हारने के बाद दिया ऐसा बयान

क्या एशेज के लिए इंग्लैंड ने नहीं की थी कोई तैयारी? हेड कोच ने सीरीज हारने के बाद दिया ऐसा बयान

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Dec 21, 2025 04:58 pm IST,  Updated : Dec 21, 2025 04:58 pm IST

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी एशेज टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। इस सीरीज में इंग्लैंड की टीम को लगातार तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा है।

Brendon McCullum- India TV Hindi
ब्रैंडन मैकुलम Image Source : PTI

ऑस्ट्रेलिया में खेले जा रहे पांच मैचों की एशेज टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। इस सीरीज में अब तक तीन मैच खेले गए हैं और तीनों ही मुकाबलों में इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा है। एडिलेड ओवल में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड की टीम को 82 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में मिली हार के बाद अब इंग्लैंड की तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं। इसको लेकर इंग्लैंड के हेड कोच ने बड़ा बयान दिया है।

एडिलेड टेस्ट मैच हारने के बाद क्रिकेट फैंस और एक्सपर्ट्स ने इंग्लैंड की तैयारियों की जमकर आलोचना की है। सीरीज से पहले उन्होंने न्यूजीलैंड का व्हाइट-बॉल टूर किया था और एशेज टेस्ट सीरीज के शुरू होने से पहले पर्थ के एक धीमे क्लब ग्राउंड पर सिर्फ एक इंट्रा-स्क्वाड मैच खेला था, जहां उन्हें दो दिनों में ही हार मिली थी।

एडिलेड टेस्ट हारने के बाद ब्रैंडन मैकुलम ने क्या कहा?

एडिलेड में हार के बाद रिपोर्टर्स से बात करते हुए मैकुलम ने हार की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि टीम और एक कोच के तौर पर उन्होंने आखिर में कई चीजें सही नहीं कीं। मैकुलम ने कहा कि उन्हें लगता था कि बड़े सीरीज से पहले खिलाड़ियों को आजादी देने और चीजों को हल्का रखने का जो उनका मंत्र था, वो यहां भी काम करेगा लेकिन इस बार ऐसा हो नहीं सका।

एडिलेड टेस्ट मैच के बाद ब्रैंडन मैकुलम ने कहा कि मुझे यकीन है कि बहुत सारे सवाल पूछे जाएंगे और यह सही भी है। हमने सब कुछ सही नहीं किया है और एक कोच के तौर पर मैंने भी सब कुछ सही नहीं किया है। आखिरकार हेड कोच के तौर पर आप इस तरह की हार के लिए जिम्मेदार होते हैं। यह बहुत मायने रखता है कि आप अपनी टीम को बड़े सीरीज के लिए कैसे तैयार करते हैं। मुझे अपने तरीकों पर भरोसा था, न सिर्फ पहले टेस्ट से पहले बल्कि टेस्ट मैचों के बीच में भी।

टीम की तैयारियों को लेकर मैकुलम ने कही ये बात

मैकुलम ने कहा कि उन्हें उनकी तैयारियों को लेकर थोड़ा दुख है। कोच ने कहा कि अब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं और सोचता हूं कि क्या हमें पहले मैच से पहले ज्यादा तैयारी की जरूरत थी और क्या दूसरे मैच से पहले कम तैयारी की जरूरत थी?' हम 3-0 से हार गए, इसलिए आप शायद कहेंगे कि वहां बदलाव की गुंजाइश थी। फिर से, एक कोच के तौर पर मैं अपनी गलती मानता हूं। मुझे लगा था कि इससे हमें सबसे अच्छा मौका मिलेगा क्योंकि पहले भी ऐसा हुआ है। अब इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा टेस्ट मैच 26 दिसंबर से मेलबर्न में खेला जाएगा।

यह भी पढ़ें:

रोहित शर्मा और विराट कोहली का साल 2025 में कायम रहा जलवा, दोनों बल्लेबाजों ने ठोके इतने रन

मिचेल स्टार्क ने साल 2025 में रचा कीर्तिमान, जेम्स एंडरसन और शॉन पोलॉक को भी पछाड़ा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल