इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाले पहले टी20 मैच के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन XI का ऐलान कर दिया है। इस मैच में 29 साल के विकेटकीपर-बल्लेबाज एन्यूरिन डोनाल्ड डेब्यू करने जा रहे हैं। वह इंग्लैंड की तरफ से अपना पहला मैच खेलेंगे। दरअसल चोट लगने की वजह से फिल साल्ट इस मैच में नहीं खेल पाएंगे, इसलिए अब एन्यूरिन डोनाल्ड कप्तान जोस बटलर के साथ मिलकर पारी की शुरुआत करेंगे। डोनाल्ड एक आक्रामक बल्लेबाज हैं। उन्होंने जुलाई 2016 में ग्लैमर्गन के लिए खेलते हुए केवल 19 साल की उम्र में फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने के मामले में रवि शास्त्री के रिकॉर्ड की बराबरी की थी।
द हंड्रेड के फाइनल में एन्यूरिन डोनाल्ड ने की थी शानदार बल्लेबाजी
'द हंड्रेड' टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में उन्होंने ट्रेंट रॉकेट्स की तरफ से ताबड़तोड़ 19 गेंदों में 38 रन बनाए थे। उस मैच में भले ही मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने खिताब जीता, लेकिन डोनाल्ड अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे और उनके इस शानदार प्रदर्शन ने इंग्लैंड के लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट टीम के हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इसी वजह से उन्हें श्रीलंका सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम में शामिल किया गया है।
इंग्लैंड के कई बड़े खिलाड़ी नहीं हैं इस सीरीज का हिस्सा
श्रीलंका के खिलाफ होने वाली तीन टी-20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज में इंग्लैंड के कई बड़े खिलाड़ी नहीं खेल रहे हैं। जैकब बेथेल घुटने की चोट और सैम करन ग्रोइन इंजरी के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। बेथेल के टीम से बाहर होने की वजह से जॉर्डन कॉक्स को प्लेइंग-11 में जगह मिली है, जो अक्टूबर 2025 के बाद अपना पहला टी-20 मैच खेलेंगे।
टीम में वापसी करने के बावजूद गस एटकिंसन और बेन डकेट को पहले मैच की प्लेइंग-11 में शामिल नहीं किया गया है। वहीं जोफ्रा आर्चर को सीमित ओवरों की दोनों टीमों में चुने जाने के बावजूद इस मैच के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। उनकी जगह सोनी बेकर को मौका दिया गया है, जो आयरलैंड के खिलाफ पिछले साल डेब्यू करने के बाद अपना दूसरा टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलने जा रहे हैं।
श्रीलंका के खिलाफ पहले T20I के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग XI
एन्यूरिन डोनाल्ड, जोस बटलर, हैरी ब्रूक (कप्तान), टॉम बैंटन, जॉर्डन कॉक्स, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोश टंग, सोनी बेकर, आदिल रशीद
यह भी पढ़ें
अभिषेक शर्मा नहीं खेले फाइनल मैच, लेकिन टीम बनी चैंपियन, चेज किया 143 रन का टारगेट
ICC ने काटी क्रांति गौड़ की मैच फीस, एशिया कप फाइनल में अग्रेसिव सेंड-ऑफ देना पड़ा भारी