Highlights
- इंग्लैंड क्रिकेट ने किया विवादित इमोजी का इस्तेमाल
- विराट कोहली पर इंग्लैंड क्रिकेट का तंज
- कोहली-बेयरस्टो की भिड़ंत के बाद कोहली पर साधा निशाना
इंग्लैंड के खिलाफ भारत को बर्मिंघम में हुए सीरीज के पांचवें रिशेडूल टेस्ट में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद इंग्लैंड क्रिकेट ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से विराट कोहली और जॉनी बेयरस्टो की तस्वीर को एक इमोजी लगाकर ट्विट किया। इंग्लैंड क्रिकेट के द्वारा इस इमोजी का इस्तेमाल दरअसल कोहली को खामोश रहने या उन्हें खामोश किए जाने का इशारा था। सिर्फ एक इमोजी ने वैसी हजारों बातें कह दी जो कहना किसी के लिए मुनासिब नहीं होता। भारतीय फैंस ने इंग्लैंड के मुंह को जिप करने वाली इमोजी के इस्तेमाल पर कड़ी आपत्ति दर्ज की है। ट्विट किए गए दो तस्वीरों में से एक में कोहली मैच के दौरान बेयरस्टो को चुप रहने का इशारा कर रहे हैं। दूसरी तस्वीर भारत की हार के बाद की है, जिसमें कोहली शतकीय पारी खेलने वाले बेयरसेटो को गले से लगा रहे हैं। इंग्लैंड ने एजबेस्टन, बर्मिंघम में खेले गए सीरीज के पांचवें टेस्ट में भारतीय टीम को सात विकेट से करारी शिकस्त दी। तमाम भारतीय फैंस ने इंग्लैंड क्रिकेट के इस ट्विट और इमोजी के इस्तेमाल पर नाराजगी जाहिर की है।
इस मुकाबले के दौरान कोहली और बेयरस्टो में दो बार भिड़ंत हुई थी। पहली बार, दूसरे दिन के अंत से पहले कोहली ने बेयरस्टो की स्लेजिंग की थी। उन्होंने इंग्लिश बल्लेबाज को भारतीय गेंदबाजों की रफ्तार का अंदाजा दिलाया था। इस दौरान मैच पूरी तरह से टीम इंडिया के नियंत्रण में था। दूसरी बार, दोनों खिलाड़ियों के बीच टकराव खेल के चौथे दिन हुआ। इस बार दोनों की भिड़ंत पिछली बार से ज्यादा आवेग वाली थी। दोनों ही मौकों पर पूर्व भारतीय कप्तान ज्यादा आक्रामक नजर आए। बेयरस्टो ने अपने बल्ले से इसका करारा जवाब दिया। पहली पारी में इंग्लैंड के दाहिने हाथ के बल्लेबाज ने 106 रन बनाए और दूसरी पारी में नाबाद 114 रन ठोके। इस जबरस्त पारी के दम पर इंग्लैंड ने भारत से मिले 378 रन के टारगेट को आसानी से हासिल कर लिया।