1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. लगातार 4 हार के बाद PAK को कैसे मिली जीत? इस खिलाड़ी ने Playing 11 में आकर पैदा किया बड़ा अंतर

लगातार 4 हार के बाद PAK को कैसे मिली जीत? इस खिलाड़ी ने Playing 11 में आकर पैदा किया बड़ा अंतर

 Published : Nov 01, 2023 07:06 am IST,  Updated : Nov 01, 2023 07:06 am IST

पाकिस्तानी टीम ने धमाकेदार अंदाज में बांंग्लादेश को 7 विकेट से हरा दिया। इस मैच में पाकिस्तान के लिए एक स्टार खिलाड़ी ने कमाल का प्रदर्शन किया है। पाकिस्तान की मौजूदा वर्ल्ड कप में ये लगातार चार हार के बाद पहली जीत है।

Pakistan Cricket Team- India TV Hindi
Pakistan Cricket Team Image Source : PTI

Pakistan vs Bangladesh: पाकिस्तानी टीम ने धमाकेदार अंदाज में बांग्लादेश को 7 विकेट से हरा दिया। पाकिस्तान को वनडे वर्ल्ड कप 2023 में लगातार चार हार के बाद ये जीत मिली है। इससे पाकिस्तान ने अपनी सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखा है। पाकिस्तान ने मौजूदा वर्ल्ड कप में शुरुआत में दो मैच जीते थे, लेकिन इसके बाद पाकिस्तानी टीम की गाड़ी पटरी से उतर गई और उसे लगातार चार मैचों में हार का सामना करना पड़ा। जीत ने पाकिस्तानी टीम के लिए एक तरह से संजीवनी बूटी का काम किया है। बांग्लादेश के खिलाफ मैच के लिए पाकिस्तानी टीम की प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए थे। प्लेइंग इलेवन में एक ऐसा खिलाड़ी आया, जिसे पाकिस्तान के लिए धमाकेदार प्रदर्शन किया और जीत दिला दी। 

इस खिलाड़ी ने खेली बेहतरीन पारी 

बांग्लादेश के खिलाफ मैच में पाकिस्तानी टीम में इमाम उल हक की जगह फखर जमां को मौका मिला है और उन्होंने इस मौको को दोनों हाथों से लपका। तूफानी पारी खेलकर वह टीम के लिए सबसे बड़े मैच विनर साबित हुए। उन्होंने 74 गेंदों में 81 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और 7 छक्के शामिल थे। उनकी वजह से ही पाकिस्तानी टीम मैच जीतने में सफल रही। बेहतरीन पारी के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' अवॉर्ड दिया गया। बांग्लादेश के खिलाफ मैच में पाकिस्तान के गेंदबाज और बल्लेबाज पूरी तरह से लय में नजर आए और पाकिस्तानी ने तीनों ही डिपार्टमेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया। 

पाकिस्तान को जिताए कई मैच 

इससे पहले फखर जमां नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में खेले थे और उन्होंने 12 रन बनाए थे। लेकिन इसके बाद अगले पांच मैचों में उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया। अब प्लेइंग इलेवन में आते ही उन्होंने पाकिस्तानी टीम को जीत दिला दी। फखर जमां हमेशा से ही विस्फोटक बैटिंग में माहिर प्लेयर रहे हैं। उन्होंने अपने दम पर पाकिस्तानी टीम को कई मुकाबले जिताए हैं। वह इकलौते पाकिस्तानी प्लेयर हैं, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में एक दोहरा शतक लगाया है। उन्होंने पाकिस्तानी टीम के लिए 80 वनडे मैचों में 3365 रन बनाए हैं, जिसमें 10 शतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 76 टी20 मैचों में 1433 रन बनाए हैं।     

फखर जमां ने दिया ये बयान 

फखर जमां ने मैच के बाद कहा कि थोड़े समय बाहर रहने से मदद मिली। मैंने एशिया कप के बाद काफी प्रैक्टिस की। शिविर में भी अच्छा महसूस कर रहा था। मैं बड़ा स्कोर बनाना चाहता था लेकिन यह क्रिकेट है। मैं अब्दुल्ला शफीक से कह रहा था कि मैं पहले चार ओवर सतर्क होकर खेलूंगा और फिर छक्के जड़ूंगा चाहे पिच कैसी भी हो क्योंकि मैं जानता हूं कि मैं ऐसा कर सकता हूं और मैं अपनी भूमिका जानता हूं। नेट रन रेट भी हमारे दिमाग में था। 100 रन के बाद हम 30 ओवर से पहले मैच खत्म करना चाहते थे। उम्मीद करता हूं कि आगामी मैचों में बड़े स्कोर बनाऊंगा। 

यह भी पढ़ें: 

मैच से कुछ घंटे पहले सामने आई बुरी खबर, चोट के चलते बाहर हुआ ये खिलाड़ी

पुणे में होगी रनों की बारिश या गेंदबाज मारेंगे बाजी? जानें पिच से लेकर मौसम की पूरी रिपोर्ट

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल