नेपाल क्रिकेट से बड़ी खबर सामने आई है। नेपाल की क्रिकेट टीम को नया कोच मिल गया है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर स्टुअर्ट लॉ को नेपाल क्रिकेट टीम का कोच नियुक्त किया गया है। स्टुअर्ट लॉ को अगले 2 सालों के लिए नेपाल की टीम का कोच नियुक्त किया गया है। वह मोंटी देसाई की जगह लेंगे, जिनका दो साल का कार्यकाल इस साल फरवरी में समाप्त हो गया था।
साल 1994 में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले स्टुअर्ट लॉ ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 54 वनडे और एक टेस्ट मैच खेला। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की ओर से आखिरी मैच साल 1999 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था, जो वनडे मैच था। इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद उन्होंने कोचिंग में हाथ आजमाया और अब कोचिंग की दुनिया में बड़ा नाम बन चुके हैं। लॉ के पास कोचिंग का काफी अनुभव हो चुका है। यही वजह है कि नेपाल क्रिकेट एसोसिएशन (CAN) ने उन्हें अपनी टीम का कोच बनाया है।
स्टुअर्ट लॉ के पास कोचिंग का अच्छा खासा अनुभव
पिछले साल खेले गए T20 वर्ल्ड कप में वह USA टीम के कोच थे। उनकी कोचिंग में अमेरिकी टीम T20I सीरीज में बांग्लादेश को हराने में सफल रही थी और T20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 तक का सफर तय किया था। इसके बावजूद उन्हें अक्टूबर 2024 में USA के कोच की भूमिका से मुक्त कर दिया गया।
USA को कोचिंग देने से पहले वह पहले बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के हेड कोच रह चुके हैं। इसके अलावा श्रीलंका और अफगानिस्तान के अंतरिम कोच की भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने बांग्लादेश अंडर-19 टीम को भी कोचिंग दी है। उन्होंने 2012 में बांग्लादेश को अपने पहले एशिया कप फाइनल में पहुंचाया था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में भी कई भूमिकाएं निभाईं, जिसमें राष्ट्रीय टीम के बल्लेबाजी कोच, सीए के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में जॉब और अंडर-19 टीम की कोचिंग शामिल है।
स्टुअर्ट लॉ के सामने बड़ी चुनौती
गौरतलब है कि नेपाल की टीम जून में स्कॉटलैंड और नीदरलैंड के साथ त्रिकोणीय सीरीज खेलेगी। ये सीरीज वर्ल्ड कप लीग 2 के अंतर्गत स्कॉटलैंड में खेली जाएगी, जो लॉ का बतौर कोच पहला बड़ा असाइनमेंट होगा। नेपाल वर्तमान में मेन्स वर्ल्ड कप लीग 2 के पाइंट्स टेबल में 8 टीमों में 7वें पायदान पर हैं।
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तान के खिलाफ बन गया नया इतिहास, 14 साल पुराना कीर्तिमान हो गया ध्वस्त
IPL 2025: रजत पाटीदार की कप्तानी में दूसरे ही मैच में हो गया कमाल, विराट कोहली भी नहीं कर पाए ऐसा