1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. न्यूजीलैंड को चैंपियन बनाने वाले कोच को भारत में मिली बड़ी जिम्मेदारी, इस टीम के हेड कोच नियुक्त

न्यूजीलैंड को चैंपियन बनाने वाले कोच को भारत में मिली बड़ी जिम्मेदारी, इस टीम के हेड कोच नियुक्त

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Sep 14, 2025 07:09 am IST,  Updated : Sep 14, 2025 07:09 am IST

आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन ने गैरी स्टीड को बनाया रणजी टीम का हेड कोच। गैरी स्टीड क्रिकेट में जाना-माना नाम हैं और कोचिंग का अपार अनुभव रखते हैं।

Gary Stead- India TV Hindi
गैरी स्टीड Image Source : AP

आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन (ACA) ने 13 सितंबर को न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर गैरी स्टीड को रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन के लिए अपना हेड कोच नियुक्त किया है। गैरी स्टीड मशहूर क्रिकेट कोच हैं और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को भी कोचिंग दे चुके हैं। इंटरनेशनल लेवल पर स्टीड कई बार अपनी कोचिंग का लोहा मनवा चुके हैं। 

53 साल के स्टीड ने जून 2025 तक न्यूजीलैंड टीम की कोचिंग संभाली। उनके कार्यकाल (2018-2025) में कीवी टीम ने लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में तीन बड़े फाइनल खेले, जिसमें 2019 ODI वर्ल्ड कप, 2021 T20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी शामिल हैं। इसके अलावा उनकी अगुवाई में न्यूजीलैंड ने 2019-21 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भारत को हराकर खिताब भी जीता। स्टीड इससे पहले न्यूजीलैंड महिला टीम को भी 2009 ODI वर्ल्ड कप और 2010 T20 वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंचा चुके हैं।

ACA ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए लिखा कि आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन के लिए गैरी स्टीड को मुख्य कोच नियुक्त करते हुए बेहद खुश है। 2018 से जून 2025 तक न्यूजीलैंड को कोचिंग देने वाले स्टीड 268 इंटरनेशनल मैचों के अनुभव और वर्ल्ड-क्लास टीम तैयार करने की काबिलियत के साथ आ रहे हैं।

गैरी के पास कोचिंग का अपार अनुभव

गैरी स्टीड की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक भारत के खिलाफ 2024-25 में हासिल की गई 3-0 की टेस्ट सीरीज जीत रही। इस जीत से न्यूजीलैंड ने भारत के घरेलू मैदान पर 12 साल और लगातार 18 टेस्ट सीरीज से चले आ रहे अपराजेय रिकॉर्ड को तोड़ा था। बतौर खिलाड़ी स्टीड ने न्यूजीलैंड के लिए 5 टेस्ट मैच खेले। इसके अलावा उन्होंने 101 फर्स्ट-क्लास और 103 लिस्ट-ए मैचों में भी शिरकत की।

विदेशी कोच की मौजूदगी से रणजी ट्रॉफी के आगामी सीजन के रोमांचक होने की उम्मीद है। अब देखना दिलचस्प होगा कि गैरी स्टीड अपनी कोचिंग में आंध्रा की टीम को रणजी ट्रॉफी 2025-26 में कहां तक ले जाने में सफल हो पाते हैं। 

यह भी पढ़ें:

Asia Cup 2025: श्रीलंका ने दर्ज की धमाकेदार जीत, जीत के साथ किया आगाज, बांग्लादेश को 6 विकेट से दी मात

सीधे स्टंप पर जाकर लगी गेंद, बेल्स में लाइट भी जली; फिर भी बल्लेबाज रहा नॉटआउट; जानें क्यों?

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल