ICC U19 Women's T20 World Cup 2025: भारतीय खिलाड़ी क्रिकेट में सफलता के नए आयाम गढ़ रहे हैं। इसी क्रम में अब भारत की धाकड़ बल्लेबाज का नाम भी शुमार हो गया है। इस धाकड़ बल्लेबाज की उम्र सिर्फ 19 साल है। इतनी छोटी उम्र में इस खिलाड़ी ने ऐसा कारनामा कर दिया है जो पहले कभी नहीं हुआ था। दरअसल, मलेशिया में इस समय ICC U19 वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप का आयोजन हो रहा है। इस टूर्नामेंट में भारत समेत कुल 16 टीमें शिरकत कर रही हैं। 18 जनवरी से टूर्नामेंट का आगाज हुआ था लेकिन सुपर सिक्स राउंड में 18 में से सिर्फ 6 टीमें ही अपनी जगह बना सकी। इसमें भारतीय टीम भी शामिल है। सुपर सिक्स राउंड में अपने पहले मैच में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को करारी शिकस्त दी। अब भारत अपने दूसरे मैच में स्कॉटलैंड का सामना कर रही है। इस मैच में भारत की सलामी बल्लेबाज गोंगाडी त्रिशा ने तूफानी शतक जड़ते हुए नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है।
टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर गोंगाडी त्रिशा और जी कमलिनी की सलामी जोड़ी ने टीम इंडिया को बेहतरीन आगाज दिया। दोनों ने 13 ओवरों में ही 139 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए। इस दौरान गोंगाडी त्रिशा तूफानी अंदाज में अपना अर्धशतक पूरा करने में कामयाब रही। 14वें ओवर में भले ही कमालिनी आउट हो गईं लेकिन त्रिशा की तूफानी बल्लेबाजी जारी रही। इसके बाद 18वें ओवर में गोंगाडी त्रिशा ने सेंचुरी जड़ते हुए ICC U19 वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप में नया इतिहास रच दिया। गोंगाडी त्रिशा U19 वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सेंचुरी जड़ने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गईं। इससे पहले कोई भी बल्लेबाज 100 रन के आंकड़ें को नहीं छू सका था।
युवा सलामी बल्लेबाज गोंगाडी त्रिशा ने 59 गेंदों पर 13 चौके और 4 छक्कों की मदद से 110 रनों की नाबाद पारी खेली। इस शतक की बदौलत टीम इंडिया 20 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 208 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही। सानिका चालके 29 रन बनाकर नाबाद लौटी। उन्होंने अपनी इस छोटी सी पारी में 5 चौके जड़े।
यह भी पढ़ें:
Ranji Trophy: रणजी में 13 साल बाद दिखेगा विराट कोहली का जलवा, इस टीम के खिलाफ बोलेंगे हल्ला
चैंपियंस ट्रॉफी से पहले एक ही मैच में 2 धाकड़ खिलाड़ी चोटिल, टेंशन में साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया
संपादक की पसंद