1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हरमनप्रीत कौर 19 रन बनाते ही बनेंगी स्पेशल क्लब का हिस्सा, T20 वर्ल्ड कप में सिर्फ तीन प्लेयर्स ने किया है ये कमाल

हरमनप्रीत कौर 19 रन बनाते ही बनेंगी स्पेशल क्लब का हिस्सा, T20 वर्ल्ड कप में सिर्फ तीन प्लेयर्स ने किया है ये कमाल

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jun 05, 2026 11:54 pm IST,  Updated : Jun 05, 2026 11:54 pm IST

महिला टी20 वर्ल्ड कप के 10वें संस्करण का आगाज 12 जून से होगा जिसमें खिताब जीतने की दावेदारों में एक नाम भारतीय टीम का भी शामिल है, जिसमें हरमनप्रीत कौर को बतौर कप्तान बड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी।

Harmanpreet Kaur- India TV Hindi
हरमनप्रीत कौर Image Source : X/BCCI WOMEN

भारतीय महिला क्रिकेट टीम 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड की मेजबानी में खेले जाने वाले आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगी, जिसमें उसका पहला मुकाबला 14 जून को पाकिस्तानी महिला टीम से होगा। टीम इंडिया का पिछले कुछ सालों में टी20 फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसकी बड़ी वजह कप्तान हरमनप्रीत कौर का बेहतरीन नेतृत्व भी है। ऐसे में सभी फैंस को टीम इंडिया से पहली महिला टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने की भी उम्मीद है। वहीं हरमनप्रीत जो अब तक सभी टी20 वर्ल्ड कप का हिस्सा रही हैं उनके पास इस बार खुद को एक बतौर कप्तान स्पेशल क्लब में शामिल करने का मौका रहने वाला है।

हरमनप्रीत कौर को बनाने हैं सिर्फ 19 रन

महिला टी20 वर्ल्ड कप में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग के नाम पर है, जिन्होंने टूर्नामेंट के इतिहास में कप्तान के रूप में 30 मुकाबले खेलते हुए 854 रन बनाए हैं। वहीं हरमनप्रीत कौर को लेकर बात की जाए तो वह इस मामले में चौथे नंबर पर हैं, जिसमें उनके नाम 19 मुकाबलों में कप्तानी करते हुए 32.06 के औसत से 481 रन दर्ज हैं। ऐसे में हरमनप्रीत कौर 19 रन बनाते ही महिला टी20 वर्ल्ड कप में 500 या उससे अधिक रन बतौर कप्तान बनाने वाली सिर्फ चौथी और पहली भारतीय बन जाएंगी। हरमनप्रीत कौर से आगे इस लिस्ट में मेग लैनिंग के अलावा चार्लोट एडवर्ड्स और चमारी अटापट्टू का नाम है।

महिला टी20 वर्ल्ड कप में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी

  • मेग लैनिंग (ऑस्ट्रेलिया) - 854 रन
  • चार्लोट एडवर्ड्स (इंग्लैंड) - 768 रन
  • चमारी अटापट्टू (श्रीलंका) - 500 रन
  • हरमनप्रीत कौर (भारत) - 481 रन
  • सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड) - 473 रन

हरमन और अटापट्टू के बीच दिखने वाली है जबरदस्त जंग

टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर और श्रीलंकाई महिला टीम की कप्तान चमारी अटापट्टू के बीच में आगामी टी20 वर्ल्ड कप में एक जबरदस्त जंग देखने को मिलेगी, जिसमें बतौर कप्तान टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में कौन नंबर-1 की पोजीशन पर रहता है इसको लेकर रेस होगी। अभी हरमनप्रीत कौर महिला टी20 इंटरनेशनल में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पहले नंबर पर हैं, जिसमें उनके नाम 3145 रन दर्ज हैं। वहीं चमारी अटापट्टू को लेकर बात की जाए तो उन्होंने बतौर कप्तान 3131 रन बनाए हैं जिसमें दोनों खिलाड़ियों के बीच सिर्फ 14 रनों का अंतर है।

ये भी पढ़ें

भारतीय महिला टीम के पास टी20 वर्ल्ड से पहले अपनी तैयारी परखने का आखिरी मौका, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड से होगा सामना

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच फिर खेला जाएगा क्रिकेट मुकाबला, कब होगा आमना सामना

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल