भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास में नया अध्याय लिखने के बाद अब टीम का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने ICC वूमेन्स ODI वर्ल्ड कप 2025 जीतकर पहली बार सीनियर स्तर पर ICC खिताब अपने नाम किया था। अब इस ऐतिहासिक जीत ने टीम को दुनिया के किसी भी कोने में ट्रॉफी जीतने का भरोसा दे दिया है। भारत ने पिछले साल फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर यह खिताब जीता था, जिससे महिला क्रिकेट में लंबे समय से चला आ रहा इंतजार खत्म हुआ। हरमनप्रीत का मानना है कि इस जीत ने टीम को बड़े टूर्नामेंट्स के लिए मानसिक रूप से और मजबूत बनाया है।
आगामी ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 का 12 जून से आगाज होगा 5 जुलाई को फाइनल खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में भी टीम इंडिया बुलंद इरादों के साथ उतरेगी। हरमनप्रीत ने कहा कि हम पूरी कोशिश करेंगे T20 वर्ल्ड कप जीतने की)। पिछले वर्ल्ड कप ने हमें आत्मविश्वास दिया है और अब हमें विश्वास है कि हम दुनिया के किसी भी कोने में वर्ल्ड कप जीत सकते हैं।
पहचान के लिए जरूरी था खिताब
हरमनप्रीत कौर ने वर्ल्ड कप जीत के बाद टीम को मिली पहचान पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि उनका मानना है किसी भी क्षेत्र में आपको कुछ खास करना होता है, आपको कोई खिताब जीतना होता है, तभी आपको पहचान मिलती है। वरना ऐसा लगता है कि सारी मेहनत बेकार चली गई।
उन्होंने आगे कहा कि सिर्फ हमारी टीम ही नहीं, बल्कि हमसे पहले की सभी महिला क्रिकेटरों ने भी काफी मेहनत की है, कई बार तो उन्होंने अपने खर्च पर भी खेला है। इसलिए खिताब जीतना बहुत जरूरी था। और अब जो हमें भारतीय फैंस, मीडिया और बाकी लोगों से प्रतिक्रिया मिल रही है, वह हमारे लिए बहुत बड़ी बात है।
ऑस्ट्रेलिया दौरे से मिला नया अनुभव
हाल ही में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया, जहां मल्टी-फॉर्मेट सीरीज में उसे 4-12 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, टीम ने T20 सीरीज 2-1 से जीती, लेकिन ODI और टेस्ट में वैसी सफलता नहीं दोहरा सकी। हरमनप्रीत ने इस सीरीज को अलग अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी मल्टी-फॉर्मेट सीरीज होनी चाहिए क्योंकि यह आपको कई तरह की चुनौतियां देती है। हर हफ्ते अलग फॉर्मेट खेलना होता है, इसलिए यह पूरी तरह अलग अनुभव है। क्रिकेटर के तौर पर हमने पहले ऐसा अनुभव नहीं किया था। पहले हम ज्यादातर T20 या ODI ही खेलते थे, लेकिन तीनों फॉर्मेट साथ में खेलना थोड़ा चुनौतीपूर्ण रहा।
यह भी पढ़ें
कभी राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा रहे, अब RCB के नए चेयरमैन बने आर्यमन बिड़ला
क्रुणाल पांड्या के नाम है IPL का ये खास रिकॉर्ड, दो फाइनल में कर चुके हैं गजब का कारनामा