Tuesday, March 10, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2024 से पहले दिल्ली कैपिटल्स में हो सकता एक और बदलाव, नई एंट्री संभव

IPL 2024 से पहले दिल्ली कैपिटल्स में हो सकता एक और बदलाव, नई एंट्री संभव

Written By: Pankaj Mishra @pankajplmishra Published : Mar 15, 2024 03:38 pm IST, Updated : Mar 15, 2024 03:38 pm IST

दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल के अगले सीजन के लिए लुंगी एंगिडी के रिप्लेसमेंट का तो ऐलान कर दिया है, लेकिन हैरी ब्रूक की जगह भी किसी खिलाड़ी की एंट्री हो सकती है।

harry brook- India TV Hindi
Image Source : PTI IPL 2024 से पहले दिल्ली कैपिटल्स में हो सकता एक और बदलाव, नई एंट्री संभव

IPL 2024 Delhi Capitals : आईपीएल 2024 से पहले दिल्ली कैपिटल्स को अपने स्क्वाड में एक बदलाव के लिए मजबूर होना पड़ा है। दरअसल साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एंगिडी को टीम ने इस बार 50 लाख रुपये में अपने पाले में शामिल किया था। लेकिन इस बीच खबर है कि एसए20 में पर्ल रॉयल्स के लिए खेलने वाले एंगिडी अभी तक अपनी चोट से पूरी तरह से उबरे नहीं हैं, इसलिए वे आईपीएल नहीं खेल पाएंगे। टीम ने उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर जेक फ्रेजर-मैकगर्क को शामिल करने का ऐलान कर दिया है। लेकिन हैरी ब्रूक की जगह अभी तक खाली है। 

हैरी ब्रूक नहीं खेलेंगे आईपीएल का अगला सीजन 

हैरी ब्रूक को दिल्ली कैपिल्स ने 4 करोड़ रुपये की मोटी रकम खर्च कर अपने पाले में शामिल किया था। डीसी की ओर से अभी तक उनको लेकर कुछ भी अपडेट नहीं दिया गया है, लेकिन हैरी ब्रूक ने खुद ही सोशल मीडिया पर कह दिया है कि वे पारिवारिक कारणों के चलते आईपीएल नहीं खेल पाएंगे। दिल्ली ने जिन जेक फ्रेजर-मैकगर्क को अपनी टीम में शामिल किया है, वे बल्लेबाज हैं और जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी भी करते हैं। लेकिन लुंगी एंगिडी विशुद्ध गेंदबाज। यानी एक तरह से टीम ने हैरी ब्रूक की जगह तो भर दी है, लेकिन अब टीम को एक पेसर चाहिए होगा। इंडियन प्रीमियर लीग का अगला सीजन अब केवल एक सप्ताह की दूरी पर है, ऐसे में टीम की ओर से जल्द ही हैरी ब्रूक के रिप्लेसमेंट का ऐलान किया जा सकता है। चलिए जरा जानते है कि किन खिलाड़ियों पर दिल्ली कैपिटल्स की नजर हो सकती है। 

जोश हेजलवुड हो सकते हैं ऑप्शन, लेकिन देरी से आएंगे

पहला नाम तो ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड का हो सकता है। जोश हेजलवुड इससे पहले आरसीबी और सीएसके के लिए खेलते रहे हैं। बताया जा रहा है कि जोश इसी महीने यानी मार्च में पिता बन सकते हैं। शायद यही कारण रहा होगा कि जब वे नीलामी में आए तो किसी भी टीम ने उन पर दांव लगाना उचित नहीं समझा। अगर कोई टीम इस रिस्क को उठाने के लिए तैयार हो कि वे अप्रैल से आईपीएल खेलें तो उन्हें लिया जा सकता है। दिल्ली कैपिटल्स के पास इस वक्त दो विदेशी तेज गेंदबाजों के तौर पर एनरिक नोर्खिया और झाय रिचर्डसन हैं। अगर इसमें हेजलवुड का भी नाम जुड़ जाए तो टीम और मजबूत हो सकती है। 

जेसन होल्डर भी दिल्ली कैपिटल्स के लिए हो सकते हैं एक विकल्प 

जेसन होल्डर इससे पहले कई आईपीएल टीमों के लिए खेलते रहे हैं। लेकिन इस बार उनका बेस प्राइज डेढ़ करोड़ रुपये था, इसलिए शायद उन्हें लेने में किसी ने भी दिलचस्पी नहीं दिखाई। इस बीच दिल्ली कैपिटल्स को एक ऐसे विदेशी तेज गेंदबाज की तलाश हो सकती है, जो गेंदबाजी के साथ साथ बल्लेबाजी भी कर सके। साथ ही मिचेल मार्श की तरह काम कर सके। ऐसे में जेसन होल्डर एक बेहतर विकल्प हो सकते हैं। वे इससे पहले कई आईपीएल टीमों के लिए खेल चुके हैं।  

लांस मोरिस भी दिल्ली कैपिटल्स के लिए बेहतर विकल्प 

इसके अलावा दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक विकल्प के तौर पर लांस मोरिस के बारे में भी सोचा जा सकता है। उनका बेस प्राइज 75 लाख रुपये था, लेकिन किसी टीम ने नीलामी में उन्हें नहीं खरीदा। लांस मॉरिस तेज गेंदबाज हैं। वे विरोधी टीम के खेमे में खौफ पैदा कर सकते हैं। वहीं एक और विकल्प की बात की जाए तो टीम ल्यूक वुड पर भी विचार कर सकती है, जिनका बेस प्राइज महज 50 लाख रुपये का है। ल्यूक वुड बाएं हाथ के गेंदबाज हैं। टीम इससे पहले भी मुस्तफिजुर रहमान और खलील अहमद जैसे बाएं हाथ के पेसर को पसंद करती रही है। वुड बीपीएल खेले थे और अच्छी गेंदबाजी की थी, वे अभी पीएसएल में खेल रहे हैं। हालांकि देखना दिलचस्प होगा​ कि दिल्ली की टीम किसके साथ जाती है। 

आईपीएल 2024 के लिए दिल्ली कैपिटल्स की टीम : ऋषभ पंत, अक्षर पटेल, पृथ्वी शॉ, यश ढुल, ललित यादव, कुलदीप यादव, प्रवीण दुबे, खलील अहमद, विक्की ओस्तवाल, मुकेश कुमार, ईशांत शर्मा, अभिषेक पोरेल, रिकी भुई, कुमार कुशाग्र, रसिख सलाम, सुमित कुमार, स्वास्तिक छिकारा, एनरिक नोर्खिया, डेविड वार्नर, मिशेल मार्श, ट्रिस्टन स्टब्स, झे रिचर्डसन, शाई होप, जेक फ्रेजर-मैकगर्क। 

इंडिया टीवी पर खेल की ये खबरें भी पढ़ें 

PHOTOS : आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बॉल खेलने वाले खिलाड़ी, टॉप 5 में केवल एक विदेशी

IPL Record : रोहित शर्मा को करना होगा इतना सा काम, दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ करेंगे बड़ा कारनामा

 

Latest Cricket News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement