1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले बढ़ी टीम इंडिया की चिंता, तेज गेंदबाज को लगी चोट!

T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले बढ़ी टीम इंडिया की चिंता, तेज गेंदबाज को लगी चोट!

 Written By: Vanson Soral
 Published : Feb 05, 2026 07:53 am IST,  Updated : Feb 05, 2026 07:55 am IST

T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम 7 फरवरी को अपने अभियान का आगाज करेगी। टीम इंडिया को अपना पहला मुकाबला मुंबई में USA के खिलाफ खेलना हैं।

Harshit Rana- India TV Hindi
हार्दिक पांड्या और हर्षित राणा Image Source : AFP

T20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होने जा रहा है, लेकिन इससे पहले ही भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लगा है। भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा के साउथ अफ्रीक के खिलाफ खेले गए वॉर्म-अप मुकाबले के दौरान चोटिल होने की खबर है। यह मैच 4 फरवरी को नवी मुंबई में खेला गया, जहां राणा असहज नजर आए और मैदान छोड़ने पर मजबूर हो गए।

वॉर्म-अप मैच के दौरान हर्षित राणा को एक ओवर के दौरान दो बार अपना रन-अप बीच में ही रोकना पड़ा। इसके बाद वह घुटने को पकड़ते हुए लंगड़ाकर मैदान से बाहर चले गए। उन्होंने मैच में सिर्फ एक ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 16 रन खर्च किए। उनकी चोट की गंभीरता को लेकर अब तक BCCI की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

पहले से चोटों से जूझ रही है भारतीय टीम

हर्षित राणा की चोट ऐसे समय पर आई है जब भारतीय टीम पहले ही कुछ अहम खिलाड़ियों की फिटनेस समस्याओं से जूझ रही है। ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में साइड स्ट्रेन के चलते नहीं खेल पाए थे। हालांकि वह अभी भी T20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड का हिस्सा हैं और उम्मीद की जा रही है कि समय रहते फिट होकर वापसी करेंगे।

वहीं, युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा भी न्यूजीलैंड सीरीज में चोट के कारण बाहर रहे थे, लेकिन अब पूरी तरह फिट होकर वापसी कर चुके हैं और उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म-अप मुकाबले में 19 गेंदों पर ताबड़तोड़ 45 रन बनाए।

7 फरवरी को पहला मुकाबला खेलेगा भारत

टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को USA के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगी। टूर्नामेंट से ठीक पहले हर्षित राणा की चोट ने टीम मैनेजमेंट की चिंताएं बढ़ा दी हैं, खासतौर पर तेज गेंदबाजी संयोजन को लेकर। अब सभी की नजरें BCCI पर टिकी होंगी, जिससे यह साफ हो सकेगा कि हर्षित राणा T20 वर्ल्ड कप के शुरुआती मुकाबलों के लिए उपलब्ध रह पाएंगे या नहीं।

T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती।

यह भी पढ़ें:

स्टार भारतीय बल्लेबाज की फिटनेस पर आया बड़ा अपडेट, बताया कब होगा कमबैक

ईशान किशन ने 20 गेंदों में 250 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बनाए रन, नॉर्खिया के एक ओवर में जड़ दिए 3 छक्के; देखें VIDEO

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल