1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC वूमेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए तीन दिग्गजों में जंग, भारत की श्री चरणी भी रेस में शामिल

ICC वूमेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए तीन दिग्गजों में जंग, भारत की श्री चरणी भी रेस में शामिल

 Written By: Vanson Soral
 Published : Jul 13, 2026 05:15 pm IST,  Updated : Jul 13, 2026 05:30 pm IST

ICC वूमेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए 3 महिला खिलाड़ियों को नॉमिनेट किया गया है, जिनमें भारत की श्री चरणी भी शामिल हैं।

Sree Charnai- India TV Hindi
श्री चरणी Image Source : WWW.INSTAGRAM.COM/_SREE_CHARANI

ICC वूमेन्स T20 कप 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से छाप छोड़ने वाली भारतीय स्पिनर श्री चरणी को जून 2026 के ICC वूमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया है। उनके साथ स्कॉटलैंड की कप्तान कैथरीन ब्राइस और इंग्लैंड की स्टार ओपनर डैनी वायट-हॉज भी इस प्रतिष्ठित सम्मान की दौड़ में शामिल हैं।

ICC ने जून 2026 के लिए वूमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के तीन दावेदारों का ऐलान कर दिया है। इस सूची में स्कॉटलैंड की कप्तान कैथरीन ब्राइस, भारत की बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी और इंग्लैंड की विस्फोटक सलामी बल्लेबाज डैनी वायट-हॉज को जगह मिली है। तीनों खिलाड़ियों ने ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी-अपनी टीमों के लिए यादगार प्रदर्शन किया और कई मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई।

श्री चरणी ने गेंद से मचाया धमाल

भारतीय स्पिनर श्री चरणी पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं। उन्होंने 6 T20I मुकाबलों में 11.00 की शानदार औसत और 6.69 की इकॉनमी से 14 विकेट अपने नाम किए। वर्ल्ड कप के दौरान उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 3, नीदरलैंड्स के खिलाफ 4 और साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, भारतीय टीम ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सकी, लेकिन श्री चरणी ने सभी पांच ग्रुप मैचों में कम से कम दो विकेट लेकर अपनी काबिलियत साबित की।

कैथरीन ब्राइस का ऑलराउंड प्रदर्शन

स्कॉटलैंड की कप्तान कैथरीन ब्राइस ने जून में बल्ले और गेंद दोनों से कमाल दिखाया। उन्होंने सात T20I मुकाबलों में 25.42 की औसत और 140.15 के स्ट्राइक रेट से 178 रन बनाए। वहीं गेंदबाजी में 15.81 की औसत और 7.10 की इकॉनमी से 11 विकेट हासिल किए।

T20 वर्ल्ड कप से पहले बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के खिलाफ घरेलू ट्राई सीरीज में स्कॉटलैंड को खिताब दिलाने में ब्राइस की बड़ी भूमिका रही। इसके बाद वर्ल्ड कप के पहले मैच में आयरलैंड के खिलाफ उन्होंने मैच जिताऊ 60 रन की पारी खेली और पूरे टूर्नामेंट में गेंद से भी लगातार अहम विकेट चटकाए।

डैनी वायट-हॉज ने बनाया रिकॉर्ड

इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज डैनी वायट-हॉज ने जून में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 6 T20I मैचों में 71.75 की औसत और 151.85 के स्ट्राइक रेट से 287 रन बनाए। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ वर्ल्ड कप के पहले मुकाबले में नाबाद 105 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसकी बदौलत इंग्लैंड ने टूर्नामेंट के संयुक्त हाईएस्ट स्कोर 219 रन बनाए। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ 65 रन और मौजूदा चैंपियन न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 89 रन की मैच जिताऊ पारियां खेलकर अपनी टीम को बड़ी जीत दिलाई। वायट-हॉज पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं। उन्होंने 302 रन बनाकर ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में 300 से ज्यादा रन बनाने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बनने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।

यह भी पढ़ें:

श्री चरणी ने टी20 वर्ल्ड कप में रचा इतिहास, 12 विकेट लेकर तोड़ा 6 साल पुराना रिकॉर्ड

ICC T20I Ranking में श्री चरणी का कमाल, डेब्यू के एक साल के अंदर बनीं नंबर-1 बॉलर, शैफाली वर्मा को भी हुआ फायदा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल