ICC T20 World Cup 2026: आईसीसी का बड़ा क्रिकेट इवेंट टी20 वर्ल्ड कप इस साल खेला जाएगा। इस बार इसकी मेजबानी भारत के साथ साथ श्रीलंका के भी पास है। इसका आगाज 7 फरवरी से होने जा रहा है। सभी टीमें इसकी तैयारी में जुटी हुई हैं। इस बीच टूर्नामेंट के कुछ अहम आंकड़ों पर नजर डाली जानी चाहिए। क्या आपको पता है कि टी20 विश्व कप में अब तक कितने शतक लगे हैं और वो भारतीय खिलाड़ी आखिर कौन है, जिसने इस टूर्नामेंट में शतक लगाने का काम किया है।
भारत की ओर से केवल सुरेश रैना ने टी20 विश्व कप में लगाया है शतक
टी20 विश्व कप पहला संस्करण साल 2007 में खेला गया था, तब भारत ने इस पर कब्जा किया था। तब से लेकर अब तक कुल मिलाकर 11 ही बल्लेबाज इसमें शतक लगाने में सफल रहे हैं। इसमें से केवल एक ही भारतीय बल्लेबाज ऐसा हुआ है, जिसने इस टूर्नामेंट में सेंचुरी ठोकी है। कमाल की बात ये है कि इसमें विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे बड़े भारतीय खिलाड़ियों का नाम नहीं है। ये कमाल सुरेश रैना ने किया है। उन्होंने साल 2010 के टी20 विश्व कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ शतक ठोकने का काम किया है।
सुरेश रैना ने साल 2010 के विश्व कप में खेली थी 101 रनों की पारी
साल 2010 के टी20 विश्व कप का आयोजन वेस्टइंडीज में हुआ था, इस साल भारतीय टीम की कप्तानी एमएस धोनी कर रहे थे। साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सुरेश रैना तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। भारत के सलामी बल्लेबाज मुरली विजय पहले ही ओवर में आउट हो गए थे। उनका खाता भी नहीं खुला था। तब सुरेश रैना तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे और कमाल की पारी खेली। सुरेश रैना ने 60 बॉल पर धमाकेदार अंदाज में 101 रन ठोके थे। उन्होंने 9 चौके और 5 छक्के लगाए थे। उनकी इस पारी की बदौलत भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 186 रन बना दिए थे।
इस बार कुछ और शतक लगने की है उम्मीद
इसके बाद जब वेस्टइंडीज की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी तो पूरी टीम 172 रन ही बना सकी और भारत ने इस मुकाबले को 14 रन से अपने नाम कर लिया था। तब से लेकर अब तक कई विश्व कप खेले गए, लेकिन कोई भी भारतीय बल्लेबाज शतक नहीं लगा पाया है। अब उम्मीद की जानी चाहिए कि इस बार जब विश्व कप होगा तो कुछ खिलाड़ी शतक लगाने में कामयाब हो पाएंगे। खास तौर पर टी20 में ओवर कम होते हैं, इसलिए टॉप 3 का ही कोई बल्लेबाज इस कारनामे को अंजाम दे सकता है।
यह भी पढ़ें
डेमियन मार्टिन की अब कैसी है हालत, एडम गिलक्रिस्ट ने उनकी हेल्थ को लेकर दिया बड़ा अपडेट
बड़ा कमाल, एक ही मैच में लगे पांच शतक; पहली बार बना ऐसा ऐतिहासिक कीर्तिमान