1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. तेजल हसबनीस और अनुष्का शर्मा की 126 रन की पार्टनरशिप, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दी करारी मात

तेजल हसबनीस और अनुष्का शर्मा की 126 रन की पार्टनरशिप, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दी करारी मात

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Sep 21, 2026 07:59 am IST,  Updated : Sep 21, 2026 07:59 am IST

भारतीय महिला ए टीम ने वनडे सीरीज की शुरुआत जीत के साथ की है और ऑस्ट्रेलिया ए को हराया है। इससे पहले टी20 सीरीज में भारत को 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था।

Yastika Bhatia- India TV Hindi
यास्तिका भाटिया Image Source : AP

भारतीय महिला-ए टीम ने ऑस्ट्रेलिया महिला-ए को पहले वनडे मैच में 4 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही भारत ने 3 मैचों की इस वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इससे पहले हुए 3 टी-20 मैचों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 3-0 से हराकर क्लीन स्वीप कर दिया था। उस टी20 सीरीज में अनुष्का शर्मा ने इंडिया ए टीम की कप्तानी की थी। अब इस वनडे सीरीज के बचे हुए 2 मैच 23 और 25 सितंबर को खेले जाएंगे, और इसके बाद 29 सितंबर से दोनों टीमों के बीच एक एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा।

235 रन बनाकर ऑलआउट हुई ऑस्ट्रेलिया की टीम

ऑस्ट्रेलियाई टीम टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी और पूरी टीम 46.3 ओवर में 235 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। शुरुआत में रेचल ट्रेनामन (36 रन) और कप्तान ताहलिया विल्सन (48 रन) ने मिलकर पहले विकेट के लिए 81 रन जोड़े, लेकिन 87 रन के कुल स्कोर तक दोनों ओपनर पवेलियन लौट गए। इसके बाद चार्ली नॉट और केटी मैक ने तीसरे विकेट के लिए तेजी से 62 रन जोड़कर स्कोर 149 तक पहुंचाया। हालांकि, इस जोड़ी के टूटते ही ऑस्ट्रेलियाई पारी बुरी तरह लड़खड़ा गई और 174 रन तक उसके 6 विकेट गिर चुके थे। इसके बाद टेस फ्लिंटॉफ (22 रन), सियाना जिंजर (15 रन) और मिली इलिंगवर्थ (17 रन) की छोटी-छोटी पारियों की मदद से टीम किसी तरह 235 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाई। भारत की तरफ से वैष्णवी शर्मा और निकी प्रसाद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट लिए, जबकि अमनदीप कौर ने 2 विकेट चटकाए।

तेजल हसबनीस ने 6 छक्कों की मदद से बनाए 81 रन

टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय महिला-ए टीम ने 41.1 ओवर में 6 विकेट खोकर 239 रन बनाए और मैच अपने नाम कर लिया। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सिर्फ 46 रन पर ही 3 विकेट गिर गए थे। इसके बाद तेजल हसबनीस और अनुष्का शर्मा ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 126 रन की साझेदारी करके टीम 172 के स्कोर तक पहुंचाया। अनुष्का ने 61 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 55 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनके आउट होने के बाद निकी प्रसाद ने मोर्चा संभाला और पहले तेजल के साथ 23 रन और फिर सायली सतघारे (25 रन) के साथ 40 रन की साझेदारी करके भारत को आसान जीत दिला दी। तेजल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 82 गेंदों में 6 छक्कों और 5 चौकों के साथ शानदार 81 रन बनाए, जबकि निकी 32 रन बनाकर नाबाद रहीं। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से टेस फ्लिंटॉफ और फ्रैंकी निक्लिन ने 2-2 विकेट हासिल किए।

यह भी पढ़ें

जोश इंग्लिस ने रचा इतिहास, ODIs में दूसरी सेंचुरी ठोकते ही एडम गिलक्रिस्ट के स्पेशल क्लब में मारी एंट्री

एशियन गेम्स से बाहर हुआ पाकिस्तान का तेज गेंदबाज, 34 T20I खेलने वाले खिलाड़ी को मिला मौका

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल