India vs Bangladesh: रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया चैंपियंस ट्रॉफी में मिशन का आगाज 20 फरवरी से करेगी। इस दिन भारत और बांग्लादेश की टीमें आमने सामने होंगी। मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम पर खेला जाएगा। इस बीच अगर भारत और बांग्लादेश के बीच वनडे में हेड टू हेड आंकड़ों की बात करें तो टीम इंडिया काफी आगे है, लेकिन अभी अगर फोकस केवल चैंपियंस ट्रॉफी पर ही करें तो इन दोनों के बीच केवल एक ही मैच हुआ है। जहां टीम इंडिया ने बाजी मारी थी। चलिए जरा एक नजर डालते हैं, उसे मुकाबले में क्या कुछ हुआ था।
साल 2017 के चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल में हुई थी भारत और बांग्लादेश की टक्कर
साल 2017 के चैंपियंस ट्रॉफी में टीम इंडिया ने आसानी से सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली थी। वहां उसका मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ हुआ था। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 264 रन ही बनाए थे। ये बड़ा स्कोर नहीं था, लेकिन किसे पता था कि ये मैच ना केवल टीम इंडिया जीतने जा रही है, बल्कि विरोधी टीम को बिल्कुल मसल कर रख देगी। भारत ने इस स्कोर को 40.1 ओवर में ही हासिल कर लिया और केवल एक विकेट के नुकसान पर। यानी टीम इंडिया ने इस मैच को 9 विकेट से जीतकर शानदार तरीके से फाइनल में एंट्री की थी।
रोहित शर्मा ने जड़ा था नाबाद शतक, विराट कोहली और शिखर धवन का भी जलवा
सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने उस मुकाबले में शानदार नाबाद 123 रन बनाए थे। उन्होंने 129 बॉल का सामना करते हुए अपनी पारी के दौरान 15 चौके और एक छक्के जड़ा था। शिखर धवन उस मैच में आउट हो गए थे, लेकिन इससे पहले उन्होंने 34 बॉल पर 46 रनों की तूफानी पारी खेली थी। इसके बाद नंबर तीन पर बल्लेबाजी के लिए आए तब के कप्तान विराट कोहली ने 78 बॉल पर 96 रन बना दिए थे। बांग्लादेश ने ठीक स्कोर ही नहीं बनाया, नहीं तो विराट कोहली के पास भी सेंचुरी जड़ने का मौका था।
ऐसे हैं भारत और बांग्लादेश के हेड टू हेड आंकड़े
इस मैच के बाद अब जाकर भारत और बांग्लादेश की टीमें चैंपियंस ट्रॉफी में आमने सामने होंगी। इसका कारण ये है कि पिछले आठ सात से ये टूर्नामेंट हुआ ही नहीं है। इस बीच आपको एक नजर वनडे में दोनों टीमों के हेड टू हेड पर भी डालनी चाहिए। वनडे क्रिकेट में ये दोनों टीमें 41 बार आमने सामने आई हैं। इसमें से 32 मैच भारत ने जीते हैं और केवल 8 में ही बांग्लादेश के हाथ बाजी आई है। वहीं अगर दुबई की बात करें, जहां 20 फरवरी का मैच खेला जाएगा तो यहां भी इन दोनों के बीच दो मैच हुए हैं और हर बार मैच भारत ने जीता है। इस तरह से भारत के लिए कम से कम पहले मैच में तो ज्यादा मुश्किल नहीं होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें
फ्री में कैसे देखें चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड मुकाबला, ये रही मैच की टाइमिंग