Highlights
- विराट तीसरे मैच में भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे
- छह गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुए
- भारत को मिला है 216 रन का लक्ष्य
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने एक बार फिर से निराश किया। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में भी वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और छह गेंदों में 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। नॉटिंघम के ट्र्रेंट ब्रिज में इंग्लैंड के 216 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और ऋषभ पंत दूसरे ओवर में महज एक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विराट के पास एक बार फिर से खुद को साबित करने का अच्छा मौका था और उन्होंने दो जबरदस्त शॉट्स लगाकर थोड़ी उम्मीद भी जगाई। लेकिन जल्दी ही उन्होंने फिर से अपने फैंस की उम्मीदों को झटका दिया।
दरअसल, विराट ने तीसरे ओवर में डेविड विली को दो करारे शॉट लगाए। उन्होंने सबसे पहले कलाईयों के सहारे फ्लिक करते हुए वाइड मिड ऑन की तरफ चौका लगाया। इसके बाद अगली ही गेंद पर विराट ने विली के सिर के ऊपर से एक खूबसूरत छक्का जड़ दिया। दो शानदार शॉट लगाने के बाद विराट ने अगली गेंद पर कवर्स की तरफ उठाकर मारने की कोशिश की लेकिन जेसन रॉय को कैच दे बैठे। इस तरह विराट छह गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुए।
विराट को एक बार फिर से फेल होते देख उनके फैंस काफी निराश दिखे और सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रियाएं दी।