Monday, March 16, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. केएल राहुल के पास इतिहास रचने का मौका, सचिन-गावस्कर के खास क्लब में शामिल होने से सिर्फ 11 रन दूर

केएल राहुल के पास इतिहास रचने का मौका, सचिन-गावस्कर के खास क्लब में शामिल होने से सिर्फ 11 रन दूर

Written By: Vanson Soral @VansonSoral Published : Jul 19, 2025 08:38 am IST, Updated : Jul 19, 2025 08:39 am IST

भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला मैनचेस्टर में 23 जुलाई से खेला जाएगा। इस मैच में एक बार फिर सभी की निगाहें केएल राहुल पर टिकी होंगी।

KL Rahul- India TV Hindi
Image Source : CLIVE MASON/GETTY केएल राहुल और बेन स्टोक्स

भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही 5 टेस्ट मैचों की रोमांचक सीरीज में जहां शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा रन बनाकर सभी का ध्यान खींचा है, वहीं अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल ने कठिन परिस्थितियों में लगातार अहम पारियां खेलकर अपनी उपयोगिता साबित की है। भारतीय टीम के लिए मौजूदा सीरीज में राहुल संकटमोचक की भूमिका में नजर आए हैं और अब मैनचेस्टर में होने वाला चौथा टेस्ट मैच उनके लिए ऐतिहासिक साबित हो सकता है। 

इंग्लैंड में इतिहास रचने से बस 11 रन दूर

दरअसल, केएल राहुल इंग्लैंड में टेस्ट क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने से सिर्फ 11 रन दूर हैं। जैसे ही वह यह आंकड़ा छूते हैं, तो वह इंग्लैंड की धरती पर यह उपलब्धि हासिल करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। उनसे पहले यह मुकाम केवल तीन दिग्गज भारतीय सचिन तेंदुलकर (1575 रन), राहुल द्रविड़ (1376 रन) और सुनील गावस्कर (1152 रन) ही हासिल कर सके हैं। अब तक राहुल ने इंग्लैंड में 12 टेस्ट मैचों में 41.20 की औसत से 989 रन बनाए हैं, जिनमें 4 शतक शामिल हैं। चौथे टेस्ट में एक छोटी सी पारी उन्हें भारतीय क्रिकेट इतिहास के खास क्लब में शामिल कर देगी।

सीरीज में दिखाया दम

वर्तमान इंग्लैंड दौरा केएल राहुल के लिए अब तक बेहद सफल रहा है। उन्होंने 3 टेस्ट मैचों में 62.50 की औसत से 375 रन बनाए हैं। उन्होंने सीरीज का आगाज लीड्स में एक शानदार शतक (107 रन) के साथ किया। इसके बाद एजबेस्टन में दूसरी पारी में 55 रनों की जिम्मेदार पारी खेली। लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 100 रन की शानदार पारी खेली, जो 177 गेंदों में आई थी। हालांकि दूसरी पारी में वह सिर्फ 39 रन ही बना सके। केएल 5 मैचों की सीरीज में अब तक 375 रन बना चुके हैं और चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। 

केएल राहुल से काफी उम्मीदें

भारत टेस्ट सीरीज सीरीज में 1-2 से पीछे है और मैनचेस्टर में 23 जुलाई से शुरू होने वाला चौथा टेस्ट मैच न सिर्फ सीरीज को बराबरी पर लाने का मौका देगा, बल्कि केएल राहुल के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने का मौका भी बन सकता है। टीम को भी उनसे एक और मजबूत पारी की दरकार है, ताकि इंग्लैंड की धरती पर टीम इंडिया वापसी कर सके। 

Latest Cricket News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement