1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG: भारत ने आठ साल बाद इंग्लैंड में जीती वनडे सीरीज, ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या रहे मैच के हीरो

IND vs ENG: भारत ने आठ साल बाद इंग्लैंड में जीती वनडे सीरीज, ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या रहे मैच के हीरो

 Written By: Rajeev Rai @Rajeev_Bharat
 Published : Jul 17, 2022 10:49 pm IST,  Updated : Jul 18, 2022 08:39 am IST

IND vs ENG: भारत ने इंग्लैंड को आखिरी वनडे में पांच विकेट से हराकर सीरीज 2-1 से जीती।

Rishabh pant century- India TV Hindi
Rishabh pant century Image Source : GETTY

Highlights

  • भारत ने तीसरा वनडे जीता
  • इंग्लैंड को पांच विकेट से हराया
  • आठ साल बाद इंग्लैंड में जीता वनडे सीरीज

IND vs ENG: भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा मैच पांच विकेट से जीतकर तीन मैचों की वनडे सीरीज पर कब्जा कर लिया है। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में हुए खिताबी मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 5 विकेट से करारी शिकस्त देकर सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। भारत ने इंग्लैंड के 260 रन के लक्ष्य को 47 गेंद बाकी रहते हुए हासिल कर लिया। भारत की तरफ से ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा रन बनाए। वह 113 गेंदों में 125 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके अलावा हार्दिक पांड्या ने 55 गेंदों में 71 रन की पारी खेली और साथ ही चार विकेट भी झटके। भारत ने इस जीत के साथ ही आठ साल बाद इंग्लैंड में वनडे सीरीज अपने नाम कर लिया है। 

इंग्लैंड के 259 रन के जवाब में भारत को पहला झटका 13 रन के स्कोर पर लगा। शिखर धवन सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा 17 रन के निजी स्कोर पर रीज टॉप्ली का शिकार बने, तब भारत का स्कोर 21 रन था। विराट कोहली भी 17 रन बनाकर आउट हुए जबकि सूर्यकुमार यादव 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत ने जमकर बल्ले घुमाए। पांड्या और पंत ने मिलकर 133 रनों की साझेदारी की। पांड्या 55 गेंदों में 71 रन बनाकर आउट हुए। जबकि पंत ने शतकीय पारी खेली और इंग्लैंड की जमीन पर इतिहास रच दिया। 

इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह फिटनेस की समस्या के कारण टीम से बाहर हुए और मोहम्मद सिराज को उनकी जगह मौका मिला। इससे पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। भारत के इस फैसले पर सीरीज में पहली बार खेल रहे मोहम्मद सिराज ने मुहर लगाई। सिराज ने अपने पहले और पारी के दूसरे ओवर में इंग्लैंड को दोहरे झटके दिए। उन्होंने सबसे पहले ओवर की तीसरी गेंद पर जॉनी बेयरस्टो को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया और फिर आखिरी गेंद पर जो रूट को रोहित शर्मा के हाथों कैच कराकर चलता किया। सिराज ने दोनों के विकेट के साथ मेडेन ओवर भी डाला।

इंग्लैंड की टीम 12 रन पर दो विकेट गंवाकर मुश्किल में नजर आ रही थी, लेकिन जेसन रॉय ने बेन स्टोक्स के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और तीसरे विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी की। रॉय तेजी से अपने अर्धशतक की तरफ बढ़ रहे थे लेकिन हार्दिक ने उन्हें 41 के स्कोर पर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। पांड्या ने जल्दी ही बेन स्टोक्स को भी 27 के स्कोर पर चलता किया।

इंग्लैंड के चार विकेट पर 74 रन थे और भारत हावी था, लेकिन कप्तान जोस बटलर ने टीम को संभाला और मोईन अली के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 75 रनों की साझेदारी की। मोईन को हालांकि 35 के स्कोर पर रवींद्र जडेजा ने पंत के हाथों कैच कराकर साझेदारी का अंत किया। लियाम लिविंगस्टोन भी 27 रन बनाकर पांड्या की गेंद पर जडेजा को कैच दे बैठे। इंग्लैंड की तरफ से बटलर ने हालांकि अपना अर्धशतक पूरा किया और एक छोर पर टिके रहे। लेकिन भारत की तरफ से हार्दिक और युजवेंद्र चहल ने लगातार विकेट गिराए और इंग्लैंड को 45.5 ओवर में 259 के स्कोर पर समेट दिया। इंग्लैंड की तरफ से बटलर ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए। जबकि भारत की तरफ से हार्दिक ने चार और चहल ने तीन विकेट झटके। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल