भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का पांचवां और अंतिम मुकाबला ओवल के मैदान पर 31 जुलाई से खेला जाएगा। इस सीरीज में भारतीय टीम फिलहाल 1-2 से पीछे चल रही है। ऐसे में भारतीय टीम आखिरी मैच को जीतकर सीरीज को 2-2 की बराबरी पर खत्म करना चाहेगी। इस मैच से पहले हम आपको बताएंगे कि ओवल के मैदान पर आखिरी टेस्ट शतक किस बल्लेबाज ने लगाया था। आपको बता दें कि इस मैदान पर आखिरी टेस्ट शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं। उन्होंने 2021 में ओवल में शतक लगाया था।
रोहित शर्मा ने की थी बेहतरीन बल्लेबाजी
2021 में खेले गए उस मैच में विराट कोहली टीम इंडिया के कप्तान थे। वह पहली पारी में अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे थे। वहीं रोहित ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया था। उन्होंने 256 गेंदों पर 127 रन बनाए थे। अपनी इस पारी में उन्होंने 14 चौके और 1 छक्का लगाया था। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 49.60 का रहा था। सबसे खास बात ये रही कि उनका ये शतक दूसरी पारी में आया था। उनकी इस पारी के बदौलत ही टीम इंडिया दूसरी पारी में 466 रन बनाने में कामयाब रही थी। हालांकि रोहित शर्मा ने आईपीएल 2025 के दौरान टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। इसी वजह से वह इस सीरीज के लिए स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं।
राहुल द्रविड़ ने ओवल के मैदान पर लगाए हैं सबसे ज्यादा शतक
भारत के लिए ओवल के मैदान पर सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ के नाम है। वह एकमात्र ऐसे भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने इस मैदान पर 2 टेस्ट शतक लगाए हैं। 2002 और 2011 में इस मैदान पर उनके बल्ले से शतक आए थे। उनके अलावा सुनील गावस्कर, कपिल देव, अनिल कुंबले, विजय मर्चेंट, ऋषभ पंत, केएल राहुल, रोहित शर्मा, रवि शास्त्री इस मैदान पर शतक लगा चुके हैं। इन सभी बल्लेबाजों ने यहां एक-एक शतक लगाया है।
इंग्लैंड के खिलाफ जारी सीरीज में टीम इंडिया के बल्लेबाजों का प्रदर्शन रहा है शानदार
भारतीय बल्लेबाज इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में अब तक शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा, ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल और वॉशिंगटन सुंदर ये सभी वो खिलाड़ी हैं जो इस सीरीज में शतक लगा चुके हैं। टीम इंडिया के लिए बुरी खबर ये है कि चोट की वजह से ऋषभ पंत पांचवें टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। लेकिन बाकी के बल्लेबाज आखिरी मुकाबले में भी इसी फॉर्म को बरकरार रखना चाहेंगे।
यह भी पढ़ें
ICC रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाज की बादशाहत खत्म, इंग्लिश खिलाड़ी का नंबर-1 के सिंहासन पर कब्जा
इंतहा हो गई इंतजार की! ये सीरीज भी जाएगी खाली, इस खिलाड़ी को आखिर किस बात की सजा