1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND Vs IRE : दूसरे मैच में बदल जाएगी टीम इंडिया, जानिए क्या होगी Playing XI

IND Vs IRE : दूसरे मैच में बदल जाएगी टीम इंडिया, जानिए क्या होगी Playing XI

 Published : Jun 27, 2022 05:13 pm IST,  Updated : Jun 27, 2022 05:13 pm IST

Ind Vs Ire : भारत और आयरलैंड के बीच दूसरा टी20 इंटरनेशनल मैच मंगलवार 28 जून को खेला जाएगा, दूसरे मैच की प्लेइंग इलेवन में कुछ बदलाव दिख सकते हैं।   

Team India- India TV Hindi
Team India Image Source : TWITTER/@BCCI

Highlights

  • भारत और आयरलैंड के बीच सीरीज का दूसरा मैच 28 जून को
  • रुतुराज गायकवाड़ के चोटिल होने से उनका खेलना ​दिख रहा संदिग्ध
  • सीरीज का पहला मैच जीतकर बढ़त बना चुकी है टीम इंडिया

Ind Vs Ire 2nd T20I Match : भारत और आयरलैंड के बीच दो टी20 मैचों की सीरीज का दूसरा मैच 28 जून को खेला जाएगा। सीरीज का पहला मैच टीम इंडिया ने बड़ी आसानी से सात विकेट से जीत लिया है। अब आखिरी मैच की बारी है। सीरीज के पहले मैच में उमरान मलिक को डेब्यू करने का मौका मिला। हालांकि वे केवल एक ही ओवर डाल पाए। इस बीच अब दूसरे मैच की प्लेइंग इलेवन क्या होगी, इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई है। वैसे तो पहले मैच की प्लेइंग इलेवन में बहुत ज्यादा ​बदलाव की जरूरत नहीं है, लेकिन भारत के सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ चोटिल हैं, ऐसे में बदलाव की संभावना नजर आ रही है। 

रुतुराज गायकवाड़ की जगह संजू सैमसन, राहुल त्रिपाठी को मौका संभव 

सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ पहले मैच की प्लेइंग इलेवन में थे। उन्होंने ​फील्डिंग भी की, लेकिन जब बल्लेबाजी की बारी आई तो वे खेलने के लिए नहीं आए। पहले मैच में भारत की ओर से बतौर सलामी जोड़ी ईशान किशन और दीपक हुड्डा आए। हालांकि दीपक हुड्डा ओपनर नहीं हैं, लेकिन टीम की जरूरतों को देखते हुए उनसे पारी की शुरुआत कराई गई। लेकिन अगर रुतुराज गायकवाड़ दूसरे मैच से पहले पूरी तरह से फिट नहीं हो पाते हैं तो फिर टीम की प्लेइंग इलेवन क्या होगी। वैसे तो टीम में राहुल त्रिपाठी भी हैं, जो भारत के लिए अपने डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने आईपीएल में कई बार ओपनिंग की भी है। वहीं भारत के पास दूसरे विकल्प के रूप में संजू सैमसन भी हैं, जो ओपनिंग कर सकते हैं। भारत का मीडिल आर्डर तो करीब करीब सैट है। लेकिन दिक्कत ओपनिंग की ही है। 

अर्शदीप सिंह को भी मिल सकता है डेब्यू करने का मौका
वहीं अगर टीम इंडिया की गेंदबाजी की बात की जाए तो इसमें बहुत ज्यादा बदलाव की गुंजाइश नजर नहीं आती। भुवनेश्वर कुमार तो टीम के उपकप्तान हैं। उमरान मलिक को पहले ही मैच के बाद बाहर ​बैठना मुश्किल है। युजवेंद्र चहल ने भी पहले मैच में बेहतरीन गेंदबाजी की थी। आवेश खान ने दो ओवर गेंदबाजी की और एक विकेट भी लिया। अक्षर पटेल की बल्लेबाजी तो नहीं आई, वहीं वे गेंदबाजी भी से भी बहुत ज्यादा प्रभावित नहीं कर सके। ऐसे में हो सकता है कि अगले मैच में अर्शदीप सिंह को डेब्यू का मौका मिले, लेकिन बाहर कौन होगा, ये अपने आप में बड़ा सवाल है। हो सकता है कि एक मैच के लिए आवेश खान को रेस्ट दिया जाएग और अर्शदीप सिंह से डेब्यू कराया जाए। वैसे भी आयरलैंड की टीम कमजोर है, ऐसे में उससे पलटवार की उम्मीद नहीं की जा सकती। 

ये हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन 

ईशान किशन, संजू सैमसन, दीपक हुड्डा, सूर्य कुमार यादव, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, आवेश खान, युजवेंद्र चहल, उमरान मलिक।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल