चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में टूर्नामेंट ग्लेन फिलिप्स की अद्भुत फील्डिंग के लिए भी याद रखा जाएगा। ग्रुप स्टेज के मुकाबलों में जहां उन्होंने एक से एक शानदार कैच पकड़े तो ऐसा ही कुछ भारत के खिलाफ फाइनल मुकाबले में भी देखने को मिला। फिलिप्स ने टीम इंडिया के ओपनिंग बल्लेबाज शुभमन गिल का फाइनल मैच में कवर पर फील्डिंग करने के दौरान हवा में उछलते हुए एक हाथ से कैच को पकड़ने के साथ सभी को हैरान कर दिया, जिसमें वह खुद इस कैच को पकड़ने के बाद हैरान दिखे। गिल फाइनल मुकाबले में 50 गेंदों में 31 रनों की पारी खेलकर आउट हुए।
गिल ने कवर के ऊपर से शॉट मारने का किया था प्रयास, फिलिप्स ने कर दिया नाकाम
टीम इंडिया को फाइनल मुकाबले में 252 रनों का टारगेट मिला है, जिसका पीछा करते हुए 18.3 ओवर्स में 105 रन बना लिए थे। इसके बाद 19वें ओवर की चौथी गेंद पर शुभमन गिल ने मिचेल सैंटनर की फुल बॉल पर कवर के ऊपर से बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया जिसमें एक समय सभी को लगा कि ये चौके के लिए चला जाएगा, लेकिन उसी दौरान वहां पर फील्डिंग कर रहे ग्लेन फिलिप्स ने हवा में छलांग लगाते हुए एक हाथ से कैच को पकड़ लिया। इस अद्भुत कैच को देखने के बाद गिल सहित बाकी प्लेयर्स और स्टेडियम में मौजूद दर्शक भी कुछ समय के लिए हैरान रह गए। फिलिप्स को ये कैच लेने के लिए सिर्फ 0.78 सेकेंड का ही समय मिला था।
टूर्नामेंट में गिल ने बनाए कुल 188 रन
शुभमन गिल ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 टूर्नामेंट की शुरुआत काफी शानदार तरीके से की थी, जिसमें बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में उनके बल्ले से शतकीय पारी देखने को मिली थी। हालांकि इसके बाद वह अगले 4 मैचों में 50 रनों का आंकड़ा पार करने में भी कामयाब नहीं हो सके। गिल ने इस पूरे टूर्नामेंट में 5 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 47 के औसत से कुल 188 रन बनाए जिसमें वह 17 चौके और तीन छक्के लगाने में कामयाब रहे।
ये भी पढ़ें
रोहित शर्मा ने सिक्स लगाते ही छुआ नया मुकाम, बाबर आजम को भी कर दिया पीछे
टीम इंडिया Champions Trophy 2025 में कैच छोड़ने रही अव्वल, Final मैच में टपकाए कुल 4 Catch