रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम का आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अब तक मैदान पर काफी शानदार प्रदर्शन दिखाया है, जिसमें टीम ने फाइनल तक का सफर बिना कोई मैच गंवाए किया है। भारतीय टीम को अब 9 मार्च को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबला खेलना है, जिसको लेकर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। इस मैच में टीम इंडिया के लिए दुबई की धीमी पिच पर विराट कोहली और श्रेयस अय्यर का प्रदर्शन काफी अहम रहने वाले है। कोहली जहां अब तक पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में बल्ले से कमाल दिखाने में कामयाब हुए तो वहीं अय्यर का भी बल्ले से काफी अच्छा प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने स्पिनर्स के खिलाफ काफी अच्छे खेल दिखाया है। अब श्रेयस की बल्लेबाजी को लेकर टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी रवि अश्विन का बयान भी सामने आया है।
मेरे लिए श्रेयस अय्यर गेम चेंजर
रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर श्रेयस अय्यर की बल्लेबाजी को लेकर बयान देते हुए कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में मेरे लिए श्रेयस अय्यर एक गेम चेंजर खिलाड़ी के तौर पर हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह उनका फॉर्म है। साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में भी उनका बल्ला जबरदस्त तरीके से बोलता हुआ दिखाई दिया था। अय्यर अब शॉर्ट गेंद पर पहले से काफी बेहतर खेलते हुए नजर आए हैं। मुझे लगता है कि श्रेयस की सबसे बड़ी ताकत ये है कि वह जिस चीज में बेहतर नहीं है उसमें अच्छा करने की कोशिश करता है। जिस तरह से स्पिनर्स के खिलाफ बीच के ओवर्स में तेजी के साथ रन बनाते हैं उससे विराट कोहली पर से भी काफी दबाव कम हो जाता है। इसीलिए बीच के ओवर्स में इन दोनों की जोड़ी ने विरोधी टीम के कप्तान पर अतिरिक्त दबाव बनाने का काम किया है। इसमें कोहली का भी योगदान है क्योंकि पार्टनरशिप में खेलना और टीम को जीत की तरफ लेकर जाना सबसे जरूरी है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक 70 के औसत से अय्यर ने बनाए हैं रन
श्रेयस अय्यर का न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में अब तक शानदार रिकॉर्ड देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने कीवी टीम के खिलाफ कुल 9 वनडे मैच खेले हैं और इसमें उन्होंने 70.38 के बेहतरीन औसत के साथ कुल 563 रन बनाए हैं। अय्यर के बल्ले से न्यूजीलैंड के खिलाफ चार अर्धशतकीय और 2 शतकीय पारियां देखने को मिली हैं। वहीं उनका स्ट्राइक रेट 100.72 का रहा है।
ये भी पढ़ें
10 साल बाद बदलेगा वनडे क्रिकेट का इतिहास? विराट कोहली ध्वस्त कर सकते हैं इस दिग्गज का रिकॉर्ड
WPL 2025 से बाहर हो गई ये टीम, अब बुरी तरह से टूट गया चैंपियन बनने का सपना