1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs NZ फाइनल में लगेगी रिकॉर्ड्स की झड़ी? सचिन से छिन सकता है नंबर-1 का ताज, कोहली रचेंगे इतिहास

IND vs NZ फाइनल में लगेगी रिकॉर्ड्स की झड़ी? सचिन से छिन सकता है नंबर-1 का ताज, कोहली रचेंगे इतिहास

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Mar 08, 2025 10:21 am IST,  Updated : Mar 08, 2025 11:34 am IST

भारत के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली जब न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के खिताबी मुकाबले में उतरेंगे तो उनके निशाने पर कई बड़े रिकॉर्ड होंगे।

Virat Kohli and Sachin Tendulkar- India TV Hindi
विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर Image Source : GETTY

भारतीय क्रिकेट टीम चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के खिताब से सिर्फ एक जीत दूर है। टूर्नामेंट के फाइनल में टीम इंडिया का सामना 9 मार्च को दुबई में न्यूजीलैंड से होगा, जहां दोनों टीमों का लक्ष्य हर हाल में ट्रॉफी जीतने का होगा। इस फाइनल मुकाबले में सभी की निगाहें विराट कोहली पर टिकी होंगी, जो टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में हैं और बल्ले से लगातार योगदान दे रहे हैं। यही वजह है कि वह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामलें में चौथे पायदान पर हैं। उन्होंने अब तक 4 मैच खेले हैं और 1 शतक और 1 अर्धशतक की बदौलत 217 रन अपने नाम किए हैं। कोहली के निशाने पर अब टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने का शानदार रिकॉर्ड होगा।

विराट कोहली रचेंगे इतिहास?

विराट कोहली अगर फाइनल में बड़ी पारी खेलने में कामयाब होते हैं, तो वह चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। गेल ने चैंपियंस ट्रॉफी के 17 मैचों में 791 रन बनाए थे। वहीं, कोहली के नाम 17 मैचों की 16 पारियों में 746 रन दर्ज हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में 46 रन बनाते ही वह गेल को पछाड़ देंगे। 

विराट कोहली की नजरें चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में सचिन तेंदुलकर का बहुत बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने पर भी लगी होगी। कोहली अगर 128 रन बनाने में सफल होते हैं, तो वह सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ते हुए ICC ODI इवेंट के नॉकआउट मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। फिलहाल, ICC ODI इवेंट के नॉकआउट मैचों में भारत के सबसे सफल बल्लेबाजों की लिस्ट में सचिन तेंदुलकर शीर्ष स्थान पर हैं। मास्टर ब्लास्टर के नाम 657 रन हैं, जबकि विराट कोहली 530 रन बनाकर दूसरे स्थान पर हैं।

 ICC ODI इवेंट के नॉकआउट मैचों में सबसे ज्यादा रन

  • रिकी पोंटिंग- 731 रन
  • सचिन तेंदुलकर- 657 रन
  • विराट कोहली- 530 रन
  • सौरव गांगुली- 514 रन

गौरतलब है कि ICC ODI नॉकआउट में तेंदुलकर के नाम सबसे ज्यादा 6 बार पचास से ज्यादा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड हैं, जबकि कोहली के नाम 5 हैं। अगर कोहली एक अर्धशतक लगा देते हैं, तो वह महान सचिन तेंदुलकर के कीर्तिमान की बराबरी कर लेंगे। साथ ही वह ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी स्टीव स्मिथ ( 5 बार 50+ स्कोर) को भी पछाड़ देंगे। 

यह भी पढ़ें:

क्रिस गेल की खत्म होगी बादशाहत? विराट कोहली तोड़ सकते हैं बहुत बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड

IND vs NZ: फाइनल में टीम इंडिया की राह में रोड़ा बन सकते हैं ये धाकड़ कीवी प्लेयर्स

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल