1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs NZ: वनडे सीरीज में होगा आदित्य अशोक का टेस्ट, जानें कौन है सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल ये खिलाड़ी

IND vs NZ: वनडे सीरीज में होगा आदित्य अशोक का टेस्ट, जानें कौन है सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल ये खिलाड़ी

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jan 09, 2026 07:50 am IST,  Updated : Jan 09, 2026 07:50 am IST

IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 11 जनवरी से तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होगा, जिसका पहला मुकाबला बड़ौदा के स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज के लिए कीवी टीम में भारतीय मूल के खिलाड़ी आदित्य अशोक को भी जगह मिली है।

Adithya Ashok- India TV Hindi
आदित्य अशोक Image Source : INSTAGRAM/ADISHOK5

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 11 जनवरी से होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के शुरू होने का इंतजार सभी फैंस काफी बेसब्री से कर रहे हैं। इस सीरीज के लिए दोनों देशों ने अपने-अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। टीम इंडिया में जहां कई अहम खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर इस सीरीज के दौरान नजरें रहेंगी तो वहीं न्यूजीलैंड टीम में शामिल 23 साल के लेग स्पिनर आदित्य अशोक पर भी सभी की नजरें रहने वाली हैं। भारतीय मूल के खिलाड़ी आदित्य अशोक पहली बार अपने करियर में भारत का दौरा कर रहे हैं, जिसमें उनका यहां की पिचों पर विराट कोहली और रोहित शर्मा के सामने असली टेस्ट होने वाला है।

न्यूजीलैंड के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का हिस्सा हैं आदित्य अशोक

न्यूजीलैंड स्क्वाड का हिस्सा लेग स्पिनर आदित्य अशोक को लेकर बात की जाए तो उनका जन्म 5 सितंबर 2002 को तमिलनाडु के वेल्लोरे में हुआ था। इसके बाद जब वह चार साल के थे तो अपने परिवार के साथ न्यूजीलैंड में जाकर बस गए थे। न्यूजीलैंड में घरेलू क्रिकेट खेलने के बाद आदित्य अशोक को साल 2003 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका मिला था, जिसके बाद उन्होंने अभी तक 2 वनडे और एक टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला है, जिसमें वह दोनों में ही 1-1 विकेट हासिल करने में कामयाब रहे हैं। आदित्य अशोक को साल 2025-26 के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल खिलाड़ियों की लिस्ट को जारी किया तो उसमें उन्हें जगह मिली थी। आदित्य अशोक अक्सर अपने परिवार के लोगों से मिलने भारत आते रहते हैं जिसमें पिछले साल उन्होंने चेन्नई स्थित चेन्नई सुपर किंग्स की क्रिकेट अकेडमी में ट्रेनिंग भी की थी, जिससे उन्हें भारतीय पिचों का बेहतर अंदाजा हो सके।

ईश सोढ़ी के नहीं होने से मौका मिलने की उम्मीद

तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने अपने स्क्वाड में कप्तानी की जिम्मेदारी माइकल ब्रेसवेल को सौंपी है। वहीं इसमें उनके अनुभवी स्पिनर ईश सोढ़ी को जगह नहीं मिली है, जिसके बाद ये उम्मीद लगाई जा ही है कि आदित्य अशोक को इस वनडे सीरीज के तीनों मुकाबले खेलने का मौका मिलेगा। न्यूजीलैंड का भारत में अब तक वनडे में रिकॉर्ड बेहतर देखने को नहीं मिला है, जिसमें उन्होंने मेजबान टीम के खिलाफ 40 मुकाबले खेले हैं और उसमें 31 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है, जबकि 8 मैचों में ही जीत हासिल करने में कामयाब हो सके हैं।

ये भी पढ़ें

IND vs NZ: टीम इंडिया को लगा तगड़ा झटका, तिलक वर्मा हुए बाहर

ICC ने 3 प्लेयर्स को खास अवॉर्ड के लिए माना काबिल, किया नॉमिनेट; स्टार भारतीय खिलाड़ी भी शामिल

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल