1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया ने तोड़ा 100 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड, टेस्ट क्रिकेट में रच दिया नया कीर्तिमान

टीम इंडिया ने तोड़ा 100 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड, टेस्ट क्रिकेट में रच दिया नया कीर्तिमान

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Oct 19, 2024 08:56 pm IST,  Updated : Oct 19, 2024 08:59 pm IST

बेंगलुरु टेस्ट की पहली पारी में भारतीय टीम 46 रन पर ऑलआउट हो गई थी और शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम किया था। दूसरी पारी में टीम इंडिया ने शानदार बल्लेबाजी के दम पर 100 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।

IND vs NZ- India TV Hindi
ऋषभ पंत और सरफराज खान Image Source : AP

भारत और न्यूजीलैंड के बीच बेंगलुरु में पहले टेस्ट मैच का आयोजन हो रहा है। इस मैच में भारतीय टीम मुश्किल में नजर आ रही है। बारिश के कारण पहले दिन का खेल रद्द होने के बाद टीम इंडिया दूसरे दिन पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 46 रनों पर ढेर हो गई। इसके साथ ही भारतीय टीम के नाम टेस्ट में घरेलू सरजमीं पर सबसे कम स्कोर पर ऑलआउट होने का शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। हालांकि टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड की पहली पारी के 402 रन के स्कोर के जवाब में दूसरी पारी में जबरदस्त वापसी की। सरफराज खान के 150 रन और ऋषभ पंत के 99 रनों की पारी की मदद से टीम इंडिया अपनी दूसरी पारी में 462 रनों पर सिमट गई। इससे पहले तीसरे दिन रोहित शर्मा ने 52 रन और विराट कोहली ने 70 रनों की पारी खेली। 

चौथे दिन भारतीय टीम को शानदार आगाज मिला। पंत और सरफराज ने चौथे विकेट के लिए 177 रन की साझेदारी की। हालांकि इन दोनों के आउट होने के बाद पूरी टीम धराशाई हो गई। न्यूजीलैंड भारतीय पारी के 80वें ओवर के बाद नयी गेंद ली जिसके बाद टीम ने 15.2 ओवर के अंदर सात बल्लेबाजों का आउट कर दिया। भारत ने 29 रन के अंदर अपने आखिरी के 6 विकेट खोए। इस तरह भारत ने 462 रनों का स्कोर बनाते हुए न्यूजीलैंड को जीत के लिए 107 रनों का टारगेट दिया।

टूट गया 100 साल पुराना रिकॉर्ड

चौथे दिन भारतीय टीम ने 462 रनों का स्कोर खड़ा करने के साथ ही टेस्ट क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया। दरअसल, भारतीय टीम पहली पारी में 50 रन भी नहीं बना सकी थी लेकिन दूसरी पारी में उसने 450 से ज्यादा रन बना डाले। इस तरह टीम इंडिया टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली पारी में 50 से कम स्कोर पर ऑलआउट होने के बाद दूसरी पारी में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली टीम बन गई। भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका का 100 साल पुराना विश्व कीर्तिमान ध्वस्त किया। साउथ अफ्रीका ने 1924 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच की पहली पारी में 30 रन पर ऑलआउट होने के बाद दूसरी पारी में 390 रनों का स्कोर खड़ा किया था। अब साउथ अफ्रीका के इस रिकॉर्ड को भारत ने पीछे छोड़ दिया है। 

टेस्ट में पहली पारी में 50 से कम पर ऑल आउट होने के बाद दूसरी पारी में सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली टीमें

  • 462 - भारत बनाम न्यूजीलैंड, बेंगलुरु, 2024 (पहली पारी: 46)
  • 390 - साउथ अफ्रीका बनाम इंग्लैंड, बर्मिंघम, 1924 (पहली पारी: 30)
  • 275 - न्यूजीलैंड बनाम साउथ अफ्रीका, केप टाउन, 2013 (पहली पारी: 45)
  • 267 - पाकिस्तान बनाम साउथ अफ्रीका, जोहान्सबर्ग, 2013 (पहली पारी: 49)
  • 184 - इंग्लैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया, सिडनी, 1887 (पहली पारी: 45)

यह भी पढ़ें:

टेस्ट में इतने छोटे स्कोर का बचाव कर चुकी है टीम इंडिया, क्या 20 साल बाद दोहरा पाएगी ये करिश्मा?

बेंगलुरु टेस्ट में टीम इंडिया के लिए आई बड़ी खुशखबरी, आखिरी दिन न्यूजीलैंड की उम्मीदों पर फिरेगा पानी?

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल