1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. राहुल द्रविड़ के बेटे ने 211 के स्ट्राइक रेट से ठोके रन, U19 डेब्यू पर आर्यवीर सहवाग ने भी लगाए 5 चौके

राहुल द्रविड़ के बेटे ने 211 के स्ट्राइक रेट से ठोके रन, U19 डेब्यू पर आर्यवीर सहवाग ने भी लगाए 5 चौके

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Sep 18, 2026 08:51 pm IST,  Updated : Sep 18, 2026 08:52 pm IST

वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने यूथ वनडे में डेब्यू मैच में 28 रन बनाए। आर्यवीर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 5 चौके जड़े, जबकि अन्वय ने बतौर विकेटकीपर खेलते हुए ताबड़तोड़ रन बनाए।

Rahul Dravid & Virender Sehwag- India TV Hindi
राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग Image Source : AFP

ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम का भारत दौरा शुरू हो गया है। पहला यूथ वनडे मैच शुक्रवार (18 सितंबर) को खेला गया, जिसमें वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय ने डेब्यू किया। इस मैच में आर्यवीर सहवाग ने पारी की शुरुआत की, वहीं अन्वय द्रविड़ छठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। ओपनिंग करने उतरे आर्यवीर को इस मुकाबले में अच्छी शुरुआत जरूर मिली लेकिन इसे वो बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए। वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय ने अंत में फिनिशर की भूमिका निभाई।

26 बॉल पर 28 रन बनाकर आउट हुए आर्यवीर सहवाग

इंडिया की अंडर-19 टीम इस समय राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के सीरीज खेल रही है। इस सीरीज के पहले मैच में बारिश आ गई थी, जिसकी वजह से मैच 20-20 ओवर का खेला गया। आर्यवीर सहवाग पहली बार इंडिया अंडर-19 टीम की तरफ से खेलने उतरे और ओपनिंग करने आए। ओवर कम होने के कारण उन पर शुरू से ही तेजी से रन बनाने का दबाव था। उन्होंने तेजी से खेलने की कोशिश भी की, लेकिन वह कोई बड़ी पारी नहीं बना सके। 18 साल के आर्यवीर ने 26 गेंदों पर 28 रनों की पारी खेली और इस दौरान 5 चौके लगाए। उनका स्ट्राइक रेट इस दौरान 107.69 का रहा।

अन्वय द्रविड़ ने भी बनाए 38 रन

राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने छठे नंबर पर उतरकर तेजी से रन बनाए। उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में 38 रन ठोक दिए, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल थे। 17 साल के अन्वय ने बहुत आक्रामक बल्लेबाजी की और उनका स्ट्राइक रेट 211.11 का रहा। आखिर में एली ब्रेन ने उन्हें बोल्ड कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया अंडर-19 की टीम 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाने में कामयाब रही।

ऑस्ट्रेलिया के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों का प्रदर्शन रहा शानदार

टारगेट का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम को उनके ओपनिंग बल्लेबाजों ने बहुत अच्छी शुरुआत दिलाई। टीम के टॉप चार में से तीन बल्लेबाजों ने 40 या उससे ज्यादा रन बनाए। कप्तान जैक कॉजनेक ने सिर्फ 27 गेंदों में 55 रन की तेज तर्रार पारी खेली, जिसमें उन्होंने छह चौके और तीन छक्के लगाए। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए आखिरी 11 गेंदों में 24 रन चाहिए थे। ऐसे में कॉजनेक ने लगातार तीन चौके मारकर मैच को बेहद रोमांचक बना दिया। दूसरे चौके के साथ उन्होंने 25 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की, लेकिन अगली ही गेंद पर वे आउट हो गए। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया को आखिरी ओवर में 11 रन की जरूरत थी। तब भारतीय तेज गेंदबाज मोहित उल्वा ने आखिरी ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ तीन रन दिए और भारत को 7 रन से रोमांचक जीत दिला दी। भारत की तरफ से यशवर्धन चौहान ने बेहतरीन गेंदबाजी की और 2 विकेट हासिल किए।

यह भी पढ़ें

वनडे सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका के स्क्वॉड से बाहर हुए लुंगी एनगिडी, 20 साल के खिलाड़ी को मिली जगह

अभिषेक शर्मा की रिकॉर्ड तोड़ पारी के बाद युवराज सिंह का पोस्ट हुआ वायरल, बोले- जब दुनिया पत्थर फेंके तो...

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल