1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत की श्रीलंका से भिड़ंत, जानें कब, कहां और कैसे देखें LIVE

एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत की श्रीलंका से भिड़ंत, जानें कब, कहां और कैसे देखें LIVE

 Written By: Vanson Soral
 Published : Sep 13, 2026 11:32 am IST,  Updated : Sep 13, 2026 11:32 am IST

ACC वूमेन्स एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम की नजर रिकॉर्ड आठवें एशिया कप खिताब पर है।

IND vs SL- India TV Hindi
भारत बनाम श्रीलंका Image Source : AFP

भारत और श्रीलंका के बीच ACC वूमेन्स एशिया कप 2026 का फाइनल खेला जाना है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम की नजरें रिकॉर्ड आठवें एशिया कप खिताब पर टिकी हैं। भारत के लिए खिताबी मुकाबला काफी अहम है। टीम इंडिया 2024 के फाइनल में श्रीलंका के हाथों मिली 8 विकेट की हार का बदला लेने के इरादे से उतरेगी। दूसरी ओर, चमारी अटापट्टू की अगुवाई वाली श्रीलंकाई टीम क के सामने खिताब बचाने की चुनौती होगी। दोनों टीमों ने इस टूर्नामेंट में अब तक कोई मैच नहीं गंवाया है।

शेफाली के बल्ले पर भारत की नजर

भारत के लिए इस टूर्नामेंट में शैफाली वर्मा का बल्ला सबसे बड़ी ताकत रहा है। उन्होंने अब तक 168 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। वह टूर्नामेंट की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज भी हैं। दुबई की धीमी और स्पिन के अनुकूल पिचों पर शेफाली ने जिस आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की है, उसने भारतीय टीम को लगातार मजबूत शुरुआत दिलाई है। स्मृति मंधाना ने भी 154 रन बनाए हैं, लेकिन उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। उन्होंने एक शानदार शतक लगाया, लेकिन दो पारियों में वह दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं। इसके उलट शेफाली ने लगातार रन बनाकर टीम के टॉप आर्डर को मजबूती दी है।

दीप्ति शर्मा कर रही कमाल

गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक 11 विकेट झटके हैं और श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। दीप्ति ने बल्ले से भी उपयोगी योगदान दिया है। बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने सिर्फ 6 गेंदों पर 13 रन बनाकर भारत के स्कोर को 150 रन के करीब पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। दीप्ति के साथ श्री चरणी और प्रेमा रावत ने भी स्पिन विभाग में अच्छा प्रदर्शन किया है। दुबई की परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय स्पिन गेंदबाजी फाइनल में भी निर्णायक साबित हो सकती है।

कब और कहां खेला जाएगा फाइनल?

भारत और श्रीलंका के बीच वूमेन्स एशिया कप 2026 का फाइनल रविवार यानी 13 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा।

भारत में TV पर कहां देखें लाइव?

भारत और श्रीलंका के बीच एशिया कप 2026 फाइनल मैच का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।

यह भी पढ़ें:

ऑस्ट्रेलिया सीरीज से पहले साउथ अफ्रीका को झटका, ओटनील बार्टमैन की चोट ने बढ़ाई टेंशन

IND vs AFG पहला टी20 मैच बारिश की वजह से होगा रद्द? जानिए कैसा रहेगा दिल्ली का वेदर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल