IND vs WI: T20 वर्ल्ड कप 2026 अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। टूर्नामेंट के 52वें मुकाबले में भारत और वेस्टइंडीज आमने-सामने होंगे, और कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में होने वाला यह मैच किसी फाइनल से कम नहीं माना जा रहा। जो टीम जीतेगी, वही नॉकआउट स्टेज में एंट्री करेगी। ऐसे में सबकी नजरें दोनों टीमों के ओपनिंग बल्लेबाजों पर टिकी हैं।
भारतीय टीम के पास ओपनिंग के लिए तीन बड़े नाम मौजूद हैं। अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन। तीनों ही विपक्षी टीम की गेंदबाजी की कमर तोड़ने के लिए काफी हैं। अभिषेक शर्मा टूर्नामेंट के शुरुआत में संघर्ष करते नजर आए लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार अर्धशतक जड़ते हुए अपनी खोई हुई फॉर्म वापस हासिल की। अब उनकी नजरें वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार आगाज करने पर टिकी हैं। उन्होंने अब तक 43 T20I मुकाबलों में 1367 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 190.92 और औसत 34.17 का है। ये आक्रामक अंदाज और निरंतरता ही उन्हें खास बनाती है।
संजू सैमसन ने 59 T20I मैचों में 149.07 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 1124 रन बनाए हैं। उनका औसत 23.91 का है। हालांकि, संजू की प्रतिभा पर कभी सवाल नहीं उठे, लेकिन निरंतरता उनकी चुनौती रही है। वहीं, ईशान किशन ने 42 मैचों में 144.45 के स्ट्राइक रेट से 1225 रन बनाए हैं और उनका औसत 29.87 का है। पावरप्ले में तेज शुरुआत देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। टूर्नामेंट में उनकी यह काबिलियत सभी देख भी चुके हैं।
वेस्टइंडीज ने इस वर्ल्ड कप में ओपनिंग की जिम्मेदारी ब्रैंडन किंग और शे होप को सौंपी है। दोनों बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं। ब्रैंडन किंग ने 84 T20I मुकाबलों में 133.31 के स्ट्राइक रेट से 1973 रन बनाए हैं और उनका औसत 25.62 का है। अनुभव और लंबी पारी खेलने की काबिलियत उन्हें खतरनाक बल्लेबाज बनाती है। शे होप ने 66 T20I मैचों में 138.51 के स्ट्राइक रेट से 1640 रन जुटाए हैं और उनका औसत 29.81 है। होप की सबसे बड़ी खासियत बड़े मैचों में तूफानी बैटिंग है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो भारतीय ओपनर्स का औसत थोड़ा बेहतर दिखाई देता है, खासकर अभिषेक शर्मा का। लेकिन वेस्टइंडीज के पास अनुभवी सलामी बल्लेबाज हैं, जो भारतीय गेंदबाजों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर सकते हैं। कोलकाता में होने वाला हाई-वोल्टेज मुकाबला में दोनों टीमों के टॉप ऑर्डर पर खास निगाहें होंगी क्योंकि सेमीफाइनल का टिकट दांव पर है और ओपनर्स पर पारी का आगाज करने का दारोमदार होगा।
यह भी पढ़ें:
बड़ी खबर, सनथ जयसूर्या छोड़ेंगे श्रीलंका टीम का साथ, कोच के पद से देंगे इस्तीफा
IND vs WI: भारत के सामने वेस्टइंडीज की कड़ी चुनौती, क्या कोलकाता में बारिश बनेगी विलेन?
संपादक की पसंद