भारत और जिम्बाब्वे के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज का आगाज टीम इंडिया ने काफी शानदार तरीके से करते हुए पहले मुकाबले को आसानी से 7 विकेट से अपने नाम किया। अब दोनों टीमों के बीच में सीरीज का दूसरा मुकाबला 25 जुलाई को हरारे स्पोर्ट्स क्लब के ग्राउंड पर खेला जाएगा। इसी मैदान पर सीरीज का पहला मुकाबला भी खेला गया था, जिसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम को काफी दिक्कत का सामना भारतीय तेज गेंदबाजों के सामने करना पड़ा था। अब ऐसे में सभी की नजरें सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले की पिच को लेकर भी लगी हुई है, जिसमें इसी तरह के हालात का सामना बल्लेबाजों को करना पड़ सकता है।
पहले गेंदबाजी करने रह सकता है फायदेमंद
हरारे के ग्राउंड की पिच पर पहले टी20 मुकाबले के दौरान पिच से तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवर्स में काफी अच्छा बाउंस मिला था, जिसमें नमी होने की वजह से गेंद को स्विंग कराने में भी मदद मिली थी। इसी के चलते मेजबान जिम्बाब्वे ने शुरुआती ओवर्स में अपने काफी विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में अब पहले दूसरे मुकाबले में टॉस की भूमिका काफी अहम रहने वाली है, जिसमें इसे जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला ले सकती है ताकि शुरुआती ओवर्स में पिच में मौजूद नमी का फायदा उठाया जा सके। वहीं दूसरे टी20 मैच के दौरान मौसम को लेकर बात की जाए तो वह साफ रहने की उम्मीद है, जिसमें तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना जताई गई है।
वैभव सूर्यवंशी पर रहेगी एकबार फिर से सभी की नजरें
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारतीय टीम को पहले टी20 मैच में सिर्फ 126 रनों का टारगेट मिला था, जिसको वह युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की 19 गेंदों में 50 रनों की पारी के दम पर काफी आसानी से हासिल करने में कामयाब रहे थे। अब ऐसे में सभी की नजरें एकबार फिर से दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान सबसे ज्यादा वैभव सूर्यवंशी को लेकर रहने वाली हैं जिनसे एक और धमाकेदार पारी की उम्मीद की जा रही है। इसके अलावा ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पहले टी20 मैच में बल्ले से कोई खास कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो सके थे, ऐसे में उनको लेकर भी सभी की नजरें रहने वाली हैं।
ये भी पढ़ें
वेस्टइंडीज के खिलाड़ी ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से कर दिया इन्कार, हेड कोच ने बताई पूरी बात
इंग्लैंड पहुंचते ही कुलदीप यादव का चला जादू, यॉर्कशायर के लिए डेब्यू मैच में झटके दो विकेट