1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड पहुंचते ही कुलदीप यादव का चला जादू, यॉर्कशायर के लिए डेब्यू मैच में झटके दो विकेट

इंग्लैंड पहुंचते ही कुलदीप यादव का चला जादू, यॉर्कशायर के लिए डेब्यू मैच में झटके दो विकेट

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 24, 2026 09:57 pm IST,  Updated : Jul 24, 2026 09:57 pm IST

भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव ने इंग्लैंड के घरेलू वनडे कप में यॉर्कशायर के लिए डेब्यू करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने ग्लैमॉर्गन के खिलाफ 10 ओवर में 39 रन देकर 2 विकेट झटके।

Kuldeep Yadav- India TV Hindi
कुलदीप यादव Image Source : AFP

भारतीय टीम में लगातार नजरअंदाज किए जाने के बाद कुलदीप यादव ने इंग्लैंड की धरती पर अपनी गेंदबाजी से जोरदार जवाब दिया है। स्टार चाइनामैन स्पिनर ने यॉर्कशायर के लिए वनडे कप के अपने पहले ही मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो अहम विकेट झटके। कुलदीप की कसी हुई गेंदबाजी की बदौलत यॉर्कशायर ने ग्लैमॉर्गन को कम स्कोर पर समेटने में बड़ी सफलता हासिल की।

31 साल के कुलदीप यादव ने हाल ही में यॉर्कशायर के साथ पांच वनडे कप और तीन काउंटी चैंपियनशिप मैच खेलने का करार किया था। 24 जुलाई को वेल्स के नीथ स्थित द ग्नोल क्रिकेट ग्राउंड में उन्होंने क्लब के लिए अपना पहला मुकाबला खेला और 10 ओवर के अपने पूरे स्पेल में 39 रन देकर दो विकेट हासिल किए। खास बात यह रही कि दोनों विकेट उन्होंने अपने अंतिम ओवर में निकाले।

एक ही ओवर में चटकाए 2 विकेट

कुलदीप ने 44वें ओवर की पहली ही गेंद पर एलेक्स हॉर्टन को 30 रन के निजी स्कोर पर विल बेनिसन के हाथों कैच कराया। इसके बाद उसी ओवर की तीसरी गेंद पर जेमी मैकइलरॉय को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। जैक व्हाइट ने उनका कैच लपका। इस दोहरे झटके ने ग्लैमॉर्गन की पारी को पूरी तरह बिखेर दिया।

यॉर्कशायर की ओर से कुलदीप के अलावा बेंजामिन क्लिफ ने सबसे शानदार गेंदबाजी करते हुए आठ ओवर में 29 रन देकर चार विकेट लिए। वहीं जॉर्ज हिल और जैक व्हाइट ने भी दो-दो विकेट अपने नाम किए। पूरी टीम के संयुक्त प्रयास से ग्लैमॉर्गन की पारी 47 ओवर में सिर्फ 186 रन पर सिमट गई।

इंग्लैंड दौरे पर नहीं मिला था मौका

कुलदीप यादव ने भारत के लिए अब तक 121 ODI मैचों में 194 विकेट झटके हैं। कुलदीप यॉर्कशायर के लिए अभी चार और वनडे कप मुकाबले खेलेंगे। इसके बाद वह सितंबर में फिर इंग्लैंड लौटेंगे, जहां काउंटी चैंपियनशिप के अंतिम चार में से तीन मुकाबलों में टीम का हिस्सा होंगे। गौरतलब है कि कुलदीप को जिम्बाब्वे के खिलाफ जारी T20I सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी। हालांकि, अगले महीने श्रीलंका दौरे पर होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में उनकी वापसी की संभावना जताई जा रही है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के तहत खेली जाने वाली यह सीरीज भारत के लिए बेहद अहम होगी और ऐसे में कुलदीप की मौजूदा फॉर्म टीम इंडिया के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें:

कुलदीप यादव के सपोर्ट में उतरे आर अश्विन, धाकड़ स्पिनर को बताया मैच विनर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल