भारत और अफगानिस्तान की ए टीमें अब आमने सामने आने जा रही हैं। इस वक्त श्रीलंका में टाई सीरीज खेली जा रही है। इसके पहले ही मैच में भारत ने श्रीलंका की एक टीम को रोमांचक मुकाबले में हरा दिया था। अब बारी दूसरे मैच की है, इसमें अफगानिस्तान से भारत का मैच होगा। ये वनडे मैच है, इसलिए सुबह से शाम तक चलेगा। मैच सुबह कितने बजे शुरू होगा, ये बात अभी से जान लीजिए, नहीं तो आपको मैच छूट सकता है। साथ ही हम आपको ये भी बताएंगे कि इस मैच को आप अपने टीवी और मोबाइल पर लाइव कैसे देख सकते हैं।
भारत ए बनाम अफगानिस्तान ए वनडे मैच सुबह 10 बजे से शुरू होगा
श्रीलंका में इस वक्त त्रिकोणीय सीरीज खेली जा रही है। इसमें भारत, श्रीलंका और अफगानिस्तान की ए टीमें खेल रही हैं। भारतीय टीम की कमान तिलक वर्मा के हाथ में है। सीरीज का पहला मुकाबला 9 जून को भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया। इसमें टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज और इस सीरीज के लिए उपकप्तान बनाए गए रुतुराज गायकवाड ने शानदार शतकीय पारी खेली थी। वहीं कप्तान तिलक वर्मा भी अर्धशतक लगाया था। अब 11 जून यानी गुरुवार को भारत और अफगानिस्तान की ए टीमें आमने सामने होने जा रही हैं। मैच भारतीय समय अनुसार सुबह दस बजे से शुरू हो जाएगा। इससे आधे घंटे पहले यानी साढ़े नौ बजे टॉस होगा। वक्त का विशेष ध्यान रखिएगा। मैच अगर पूरे 50 ओवर का हुआ तो ये करीब पांच बजे तक चल सकता है।
वैभव सूर्यवंशी श्रीलंका के खिलाफ बन सके थे केवल 14 ही रन, अब फिर होगी परीक्षा
सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज और युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी फेल साबित हुए। प्रभसिमरन सिंह के साथ पारी का आगाज करने आए वैभव सूर्यवंशी ने 12 बॉल पर केवल 14 रन की छोटी सी पारी खेली। इसमें केवल 3 ही चौके आए। टी20 क्रिकेट में जबरदस्त धमाका करने वाले वैभव अभी वनडे में खुद को फिट नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि ये थोड़ा लंबा फॉर्मेट होता है। प्रभसिमरन भी दो रन बनाकर चलते बने थे। अब जब अफगानिस्तान के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी उतरेंगे तो सभी की नजर उन पर रहेगी कि वे वनडे में कैसा खेल दिखाते हैं। एक तरह से कहें तो ये उनके लिए इम्तिहान की घड़ी है।
भारत बनाम अफगानिस्तान मैच सोनी स्पोर्ट्स पर लाइव देख सकेंगे
इस बीच मैच को लाइव देखने की बात है तो ये मैच आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर नहीं देख पाएंगे। इस ट्राई सीरीज के राइट्स सोनी स्पोर्ट्स ने अपने नाम किए हैं। यानी अगर आप इस मैच को लाइव देखना चाहते हैं तो आपको सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर जाना होगा। वहां कई चैनलों पर मैच लाइव देखने के लिए मिलेगा। इतना ही नहीं, अगर आप मैच को मोबाइल पर देखना चाहते हैं तो उसके लिए आपको सोनी लिव एप पर जाना होगा। वहां आप पूरा मैच आराम से लाइव देख सकते हैं।
यह भी पढ़ें
पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान शान मसूद पर खतरा, अब कौन थामेगा टीम की कमान, कोच पर भी संकट