1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IML 2025: इंडिया मास्टर्स की धमाकेदार जीत, वेस्टइंडीज को हरा सेमीफाइनल में मारी एंट्री

IML 2025: इंडिया मास्टर्स की धमाकेदार जीत, वेस्टइंडीज को हरा सेमीफाइनल में मारी एंट्री

 Written By: Vanson Soral
 Published : Mar 09, 2025 12:06 pm IST,  Updated : Mar 09, 2025 12:08 pm IST

इंटरनेशनल मास्टर्स लीग 2025 में 8 मार्च को धमाकेदार मुकाबला खेला गया। इंडिया मास्टर्स ने रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज को मात दी और सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

IML 2025- India TV Hindi
इंडिया मास्टर्स Image Source : PTI

इंडिया मास्टर्स ने वेस्टइंडीज मास्टर्स को सात रन से हराकर इंटरनेशनल मास्टर्स लीग (आईएमएल) 2025 के सेमीफाइनल में जगह बना ली। इस रोमांचक मुकाबले में इंडिया मास्टर्स को जीत दिलाने में स्टुअर्ट बिन्नी की बेहतरीन गेंदबाजी और इरफान पठान की अंतिम ओवर में कसी हुई गेंदबाजी ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। स्टुअर्ट बिन्नी ने 3 विकेट अपनी झोली में किए। हालांकि, फैंस को इस मैच में सचिन तेंदुलकर और ब्रायन लारा के बीच टक्कर देखने को नहीं मिल सकी क्योंकि दिग्गज बल्लेबाज तेंदुलकर को आराम दिया गया।

सेमीफाइनल में पहुंची इंडिया मास्टर्स की टीम

इंडिया मास्टर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम अंबाती रायुडू (63) और सौरभ तिवारी (60) के अर्धशतकों के साथ कार्यवाहक कप्तान युवराज सिंह की नाबाद 49 रनों की विस्फोटक पारी की बदौलत तीन विकेट खोकर 253 रन बनाने में सफल रही। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज को ड्वेन स्मिथ (79) और विलियम पर्किन्स (52) ने शानदार शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 121 रन जोड़े। एक समय वेस्टइंडीज मजबूत स्थिति में थी, लेकिन स्टुअर्ट बिन्नी की शानदार गेंदबाजी ने मैच का पासा पलट दिया। नतीजतन, वेस्टइंडीज की टीम 6 विकेट पर 246 रन ही बना सकी और भारत ने सात रन से मैच में जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस तरह इंडिया मास्टर्स सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली पहली टीम बन गई है। 

13 मार्च को सेमीफाइनल 

पाइंट्स टेबल की बात की जाए तो इंडिया मास्टर्स के 5 मैचों में 4 जीत के बाद 8 अंक हैं और वह टॉप पर है। इसके बाद 6 अंक के साथ श्रीलंका मास्टर्स की टीम है। श्रीलंका मास्टर्स ने 4 मैच अब तक खेले हैं और सिर्फ एक हार का स्वाद चखा है। ऑस्ट्रेलिया 4 पाइंट्स के साथ तीसरे और वेस्टइंडीज इतने ही पाइंट्स के बाद चौथे पायदान पर हैं। सचिन की कप्तानी वाली टीम अपना सेमीफाइनल मुकाबला 13 मार्च को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगी। इंडिया मास्टर्स पाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर रहने वाली टीम से भिड़ेगी। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 16 मार्च को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इंडिया मास्टर्स की टीम फाइनल में जगह बनाने से अब बस एक जीत दूर है। 

यह भी पढ़ें:

IND vs NZ: किसके सिर सजेगा नंबर-1 का ताज, मोहम्मद शमी और मैट हेनरी में कौन मारेगा बाजी

IPL 2025 से पहले गुजरात टाइटन्स का बड़ा ऐलान, पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज को सौंपी अहम जिम्मेदारी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल