IND vs AFG: 6 जून से भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच मुल्लांपुर में खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए बीसीसीआई ने कुछ दिनों पहले ही टीम इंडिया का ऐलान कर दिया था। इस मुकाबले में टीम इंडिया शुभमन गिल की अगुवाई में खेलती हुई नजर आएगी। इससे पहले दोनों टीमों के बीच आखिरी टेस्ट मैच साल 2018 में खेला गया था। उस मैच में अजिंक्य रहाणे ने टीम इंडिया की कप्तानी की थी और भारत ने आसानी से उस मैच को अपने नाम कर लिया था। वहां भी दोनों टीमों के बीच एक ही टेस्ट खेला गया था, जिसमें भारत के दो बल्लेबाजों ने शतक लगाया था।
मुरली विजय और शिखर धवन ने की थी ओपनिंग
भारत और अफगानिस्तान के बीच वो एकमात्र टेस्ट मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया था। उस मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। रोहित शर्मा और विराट कोहली उस टेस्ट मैच में नहीं खेले थे। उस समय विराट कोहली ही भारतीय टेस्ट टीम के रेगुलर कप्तान थे लेकिन उनकी गैरमौजूदगी में अजिंक्य रहाणे ने टीम इंडिया की कप्तानी की थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने मुरली विजय और शिखर धवन की शतकीय पारी के दम पर स्कोरबोर्ड पर 474 रन लगा दिए थे। इन दोनों बल्लेबाजों ने उस मैच में ओपनिंग की थी।
केएल राहुल और हार्दिक पांड्या ने लगाया था अर्धशतक
मुरली विजय ने उस मैच में 153 बॉल पर 105 रनों की पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 15 चौके और एक छक्का लगाया था। वहीं शिखर धवन की बात करें तो उन्होंने 96 गेंदों में 19 चौके और 3 छक्के की मदद से 107 रन बनाए थे। उनका स्ट्राइक रेट इस मैच में 111.45 का रहा था। इन दोनों के अलावा दो बल्लेबाजों ने उस मैच में अर्धशतक भी लगाया था। केएल राहुल ने 64 गेंदों में 8 चौके की मदद से 54 रन बनाए थे। ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने 94 बॉल पर 71 रन की पारी खेली थी। भारतीय टीम ने उस मैच में 104.5 ओवर बैटिंग की थी।
गेंदबाजी में अश्विन और जडेजा ने किया था कमाल
जवाब में अफगानिस्तान की टीम अपनी पहली पारी में 109 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इसके बाद टीम इंडिया ने अफगानी टीम को फॉलो ऑन दिया और वहां भी उनकी टीम बैटिंग करते हुए 103 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। अफगानी टीम का कोई भी बल्लेबाज उस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल पाया था। टीम के कप्तान असगर अफगान भी पहली पारी में 11 और दूसरी पारी में 25 रन बनाकर आउट हो गए थे। इस तरह टीम इंडिया ने उस मैच को पारी और 262 रनों से अपने नाम किया। भारत की तरफ से गेंदबाजी में रविचंद्रन अश्विन ने पहली पारी में 4 विकेट लिए, वहीं दूसरी पारी में रवींद्र जडेजा ने 4 विकेट अपने नाम किए थे।
यह भी पढ़ें
आईपीएल में क्वालीफायर जीतो, मतलब चैंपियन बनना तय! आखिर क्या है ये पूरी कहानी