India U19 vs Bangladesh U19 ICC World Cup 2026 Match Time: इस वक्त आईसीसी अंडर 19 विश्व कप खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने यूएसए को हराकर पहले ही मैच में अपनी जीत का परचम लहरा दिया है। ये बात और है कि जिन वैभव सूर्यवंशी से सबसे ज्यादा उम्मीद थी, वे रन नहीं बना सके। इसके बाद भी भारतीय टीम ने जीत दर्ज की और दो अंक भी हासिल कर लिए। अब आपको जानना चाहिए कि भारतीय टीम अगला मैच कब और किसके खिलाफ खेलेगी। साथ ही ये भी जान लीजिए कि ये मैच कितने बजे से शुरू होगा।
भारत ने पहले मैच में अमेरिका को छह विकेट से पीटा
आयुष म्हात्रे की कप्तानी में अंडर 19 टीम इंडिया ने अपने पहले मैच में यूएसए को 6 विकेट से जीत लिया है। यूएसए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 107 रन बनाए थे, टीम अपने कोटे के पूरे 50 ओवर नहीं खेल पाई। इसके बाद जब भारतीय टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी तो बारिश आ गई और मैच को रोक देने पड़ा। काफी देर तक मैच बाधित रहा, इसलिए भारत के सामने नया और संशोधित लक्ष्य रखा गया। भारत को 37 ओवर में जीत के लिए 96 रन बनाने थे, लेकिन भारतीय टीम ने इसे केवल 17.2 ओवर में ही हासिल कर लिया।
अंडर 19 विश्व कप में 17 जनवरी शनिवार को खेला जाएगा भारत बनाम बांग्लादेश मैच
अब अगर अगले मैच की बात की जाए तो टीम इंडिया अब शनिवार को मैदान में उतरेगी। 17 जनवरी को भारत का मुकाबला बांग्लादेश से होगा। जहां एक ओर टीम इंडिया का ये दूसरा मुकाबला होगा, वहीं बांग्लादेश की टीम पहला मैच खेलती हुई नजर आएगी। भारत की टीम काफी मजबूत है, इसमें शक नहीं, लेकिन बांग्लादेश की युवा टीम भी काफी अच्छी नजर आती है। यानी इस बात की पूरी संभावना है कि मुकाबला टक्कर का होगा। इसलिए टीम इंडिया को इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए।
दोपहर एक बजे से शुरू होगा भारत बनाम बांग्लादेश अंडर 19 विश्व कप का मुकाबला
इस बार का विश्व कप जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जा रहा है। भारतीय टीम अपने सभी लीग मैच जिम्बाब्वे में ही खेलेगी। अगला मुकाबला क्वींस स्पोर्ट्स क्लब बुलावेयो में होगा, जहां भारत और यूएसए का मैच खेला गया था। इस मैच के शुरू होने की बात की जाए तो ये भारतीय समय अनुसार दोपहर एक बजे से शुरू होगा। इससे आधे घंटे पहले यानी साढ़े 12 बजे टॉस होगा। अब देखना होगा कि अगले मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी कैसी बल्लेबाजी करते हैं। पिछले मैच में वे फेल रहे हैं, इसलिए अब अगले मैच में चलना जरूरी होगा।
भारत U19 टीम: आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), कनिष्क चौहान, हरवंश पंगालिया, आरएस अंबरीश, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन, खिलान पटेल, किशन कुमार सिंह, आरोन जॉर्ज, उधव मोहन, मोहम्मद एनान।
बांग्लादेश U19 टीम: जवाद अबरार, एमडी रिफत बेग, मोहम्मद अजीजुल हकीम तमीम (कप्तान), कलाम सिद्दीकी अलीन, मोहम्मद रिजन होसन, मोहम्मद फरीद हसन फैसल (विकेटकीपर), इकबाल हुसैन इमोन, शेख पावेज़ जिबोन, मोहम्मद समियुन बसीर रतुल, अल फहद, साद इस्लाम रजिन, शादीन इस्लाम, मोहम्मद अब्दुल्ला, शाहरिया अल-अमीन, शहरयार अहमद।
यह भी पढ़ें
शुभमन गिल के सामने बहुत बड़ी चुनौती, क्या फजीहत से बच पाएंगे भारतीय कप्तान
क्या टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में हावी है मनमानी, इस खिलाड़ी को क्यों नहीं मिल रहा मौका?