Highlights
- भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी20 मैच आज
- बर्मिंघम में खेला जाएगा सीरीज का दूसरा मैच
- भारत तीन टी20 की सीरीज में एक मैच के बाद 1-0 से आगे
भारत ने सीरीज के पहले टी20 मैच में इंग्लैंड को 50 रन से करारी शिकस्त दी। ये टीम इंडिया के लिए एक आसान मुकाबला साबित हुआ, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा किसी मुगालते में नहीं रहने वाले। उन्हें पता है कि इंग्लैंड की टीम दूसरे मैच में मजबूत वापसी का पूरा दम रखती है। आज भारत को इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज का दूसरा टी20 मैच खेलना है। ये मुकाबला बर्मिंघम, एजबेस्टन के उसी मैदान पर खेला जाएगा जहां सीरीज के पांचवें टेस्ट को गंवाने के बाद टीम इंडिया की किरकिरी हुई थी।
बर्मिंघम से जुड़ी भारत की खराब याद

टीम इंडिया ने बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में इंग्लैंड के खिलाफ अब तक सिर्फ एक टी20 मैच खेला है। 2014 में हुए इस करीबी मुकाबले को भारत ने तीन रन से गंवा दिया था। इस मैच में इंग्लैंड के 180 रन के जवाब में भारतीय टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 177 रन बना सकी थी। विराट कोहली ने इस मैच में 41 गेंदों पर सर्विधिक 66 रन बनाए थे।
भारत के खिलाफ घर में इंग्लैंड का पलड़ा भारी

भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ उसकी जमीन पर अब तक सात टी20 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से तीन में उसे जीत मिली है और चार में हार का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया को जारी सीरीज के पहले मैच में साउथैम्पटन में शानदार जीत मिली और मोमेंटम उसके साथ है। भारतीय धुरंधर जीत की इस लय को एजबेस्टन में भी बरकरार रखकर जीत – हार के समीकरण को बराबरी पर लाना चाहेंगे।
ओवरऑल टी20 में भारत बेहतर स्थिति में

भारत ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में अब तक इंग्लैंड के खिलाफ कुल 20 मैच खेले हैं, जिसमें से 11 में उसे जीत मिली है और नौ मैच गंवाए हैं। मामला करीबी है और भारतीय कप्तान को पता है कि इंग्लिश कप्तान जोस बटलर की टीम आज होने वाले मुकाबले में जवाबी हमला करने की हर संभव कोशिश करेगी। यानी इस मैच में टीम इंडिया को पिछली बार की तरह आक्रामक रवैया बनाए रखना होगा, पर थोड़ी सावधानी के साथ। इंग्लिश बल्लेबाजों का हालिया इतिहास बताता है कि आज भारतीय गेंदबाजों के सटीक लाइन – लेंथ और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता की अग्निपरीक्षा हो सकती है।