1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG: हेडिंग्ले लीड्स में आसान नहीं जीत, अब तक इतने ही मैच अपने नाम कर पाई है टीम इंडिया

IND vs ENG: हेडिंग्ले लीड्स में आसान नहीं जीत, अब तक इतने ही मैच अपने नाम कर पाई है टीम इंडिया

 Published : Jun 16, 2025 12:50 pm IST,  Updated : Jun 16, 2025 12:50 pm IST

IND vs ENG: भारतीय टीम के लिए हेडिंग्ले लीड्स में जीत दर्ज कर पाना आसान नहीं है। अगर इतिहास पर नजर डालें तो वो तो यही बताता है।

shubman gill- India TV Hindi
शुभमन गिल Image Source : GETTY

India vs England Test: भारतीय क्रिकेट टीम 20 जून से इंग्लैंड के खिलाफ पहला टेस्ट मैच खेलते हुए नजर आएगी। वैसे तो सीरीज पांच टेस्ट मैचों की है, जिसका पहला मुकाबला हेडिंग्ले लीड्स में होगा। इसलिए अभी इसी पर फोकस ज्यादा है। भारत के लिए इस मैदान पर इंग्लैंड को पछाड़ना आसान नहीं होगा, क्योंकि टीम इंडिया यहां पर ज्यादा मैच जीती नहीं है। 

साल 1952 में भारत ने इस मैदान पर खेला था पहला टेस्ट

टीम इंडिया ने हेडिंग्ले लीड्स में अपना पहला टेस्ट मुकाबला साल 1952 में खेला था। तब टीम इंडिया को वहां पर सात विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। इसके बाद साल 1959 में फिर से इसी मैदान पर भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने सामने आती हैं। इस बार भारत को पारी और 173 रनों की हार झेलने के लिए विवश होना पड़ता है। साल 1967 में फिर से इंग्लैंड की टीम भारत को इसी मैदान पर 6 विकेट से पटकनी देती है। यानी यहां पर भारतीय टीम हार की हैट्रिक पूरी कर चुकी थी। 

साल 1979 में भारतीय टीम ने खेला ड्रॉ

इसके बाद आया साल 1979, एक बार फिर से इसी मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच टक्कर होती है। इस मैच में भारतीय टीम को हार का दंश नहीं झेलना पड़ता, लेकिन जीत भी नहीं मिलती है। यानी ये मुकाबला ड्रॉ पर खत्म होता है। भारतीय टीम के लिए यही बड़ी बात थी कि कम से कम हार का ​सिलसिला तो टूटा। 

साल 1986 में पहली बार टीम इंडिया को हेडिंग्ले लीड्स में मिली जीत

अब आते हैं साल 1986 पर। ये वो साल था, जब भारतीय टीम ने हेडिंग्ले लीड्स में अपना पहला टेस्ट मैच जीता। तब कपिल देव भारतीय टीम के कप्तान हुआ करते थे। भारत ने उनकी कप्तानी में इंग्लैंड को 279 रनों के ठीकठाक अंतर से मात दी थी। इसके लंबे समय बाद साल 2002 में फिर से भारत और इंग्लैंड की टीम इसी मैदान पर फिर से आमने सामने आती हैं। इस बार भी टीम इंडिया पारी और 46 रन से मैच को अपने नाम करती है। इस बार भारतीय टीम की कमान सौरव गांगुली के हाथ में थी। 

साल 2002 में विराट कोहली की कप्तानी में मिली थी हार

साल 2002 के बाद फिर से इस मैदान भारत और इंग्लैंड के बीच साल 2021 में फिर से मैच हुआ। इस बार भारतीय टीम की कमान विराट कोहली के हाथ में थी, लेकिन वे अपना नाम कपिल देव और सौरव गांगुली वाली लिस्ट में नहीं लिखवा पाए, जिन्होंने अपनी कप्तानी में हेडिंग्ले लीड्स में जीत दर्ज की थी। कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया को पारी और 76 रन से हार मिली थी। अब फिर से 20 जून केा इसी मैदान पर भारत बनाम इंग्लैंड मुकाबला है। देखना होगा कि क्या शुभमन गिल इस मैच में भारतीय टीम को जीत दिलाने में कामयाब हो पाते हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल