India vs Pakistan: एशिया कप 2025 अगले महीने खेला जाएगा। इसके लिए तैयारी जारी है। जल्द ही टीमों का भी ऐलान हो जाएगा। एक बार फिर से क्रिकेट की दुनिया का सबसे बड़ा मुकाबला होने जा रहा है। भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने सामने होंगी। हालांकि मौजूदा वक्त में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की जो हालत है, उससे नहीं लगता कि टीम इंडिया के सामने वो कोई चुनौती पेश कर पाएगी। इस बीच मैच अभी दूर है, लेकिन ऐसा लगता है कि पाकिस्तान में अभी से खौफ का माहौल है।
एशिया कप में 14 सितंबर को भिड़ेंगी भारत और पाकिस्तान की टीमें
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में महामुकाबला 14 सितंबर को खेला जाएगा। ये तो लीग मैच होगा। इसके बाद हो सकता है कि एक मैच 21 सितंबर को भी हो जाए, जब सुपर 4 के मुकाबले खेले जाएंगे। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद पहली बार ऐसा होगा, जब भारत और पाकिस्तान की टीमें आपस में टकराएंगी। पाकिस्तान क्रिकेट टीम हाल ही में वेस्टइंडीज का दौरा कर लौटी है, जहां टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। अब पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी बासित अली ने इस मुकाबले को लेकर बड़ी बात कह दी है।
बासित अली तो अभी से घबराए हुए
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले दिनों हुए तनाव के बाद पहली बार मैच होने जा रहा है। अब द गेम प्लान यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए बासित अली ने कहा है कि बीसीसीआई को पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने से इन्कार कर देना चाहिए। केवल यही एक रास्ता है, जिससे पाकिस्तान बेइज्जती से बच पाएगा। बासित अली बोले कि जिस तरह से वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इन्कार दिया था, वही एशिया कप में भी करना चाहिए। लेकिन अगर ऐसा नहीं हुआ और मैच खेला गया तो भारतीय टीम पाकिस्तान को बहुत बुरी तरह से मारेगी।
टी20 में पाकिस्तानी टीम के कप्तान हैं सलमान अली आगा
बासित अली ने कहा कि पाकिस्तान किसी भी टीम से हार जाए, इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ता, लेकिन अगर टीम भारत से हारेगी तो इसका काफी ज्यादा असर पड़ेगा। हालांकि एशिया कप का आयोजन इस बार टी20 फार्मेट पर खेला जाएगा, जिसमें पाकिस्तान ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज अपने नाम की है। टी20 टीम से अभी बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान बाहर है, वहीं इसकी कमान सलमान अली आगा के पास है। अभी की जो स्थिति है, उससे तो लगता है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा। हां, आने वाले वक्त में कुछ हालात बदल जाएं तो बात अलग है।