भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में क्रिकेट के महाकुंभ टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए आईसीसी की तरफ से पहले ही शेड्यूल जारी कर दिया गया है और कई टीमों ने अपने स्क्वाड का ऐलान भी कर दिया है। इस बार आगामी टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा लेती हुई दिखाई देंगी। इसी वजह से क्रिकेट फैंस बहुत ही ज्यादा उत्साहित हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में अभी तक कोई भारतीय बॉलर नहीं ले पाया हैट्रिक
टी20 वर्ल्ड कप के अभी तक कुल 9 एडिशन हो चुके हैं और साल 2026 में उसका 10वां एडिशन खेला जाएगा। लेकिन इस बड़े टूर्नामेंट में 9 एडिशन बीत जाने के बाद भी कोई भारतीय बॉलर हैट्रिक नहीं ले पाया है। अब देखने वाली बात ये होगी कि इस बार क्या कोई भारतीय बॉलर हैट्रिक ले पाएगा। भारतीय स्क्वाड में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और हर्षित राणा जैसे बॉलर्स मौजूद हैं, जो हैट्रिक लेने की क्षमता रखते हैं।
जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह पारी की शुरुआत में गेंदबाजी करते हैं, जबकि कुलदीप और अक्षर स्पिनर्स हैं और वह मिडिल ओवर्स में बॉलिंग करने के लिए आते हैं। इसके अलावा वरुण चक्रवर्ती भी पिछले कुछ समय से अपने खेल से सभी को प्रभावित करने में सफल रहे हैं और वह टीम के लिए सबसे बड़े मैच विनर बनकर उभरे हैं। अब ये तो आने वाला वक्त बताएगा कि इनमें से कोई भारतीय बॉलर हैट्रिक ले पाता है या नहीं।
टी20 वर्ल्ड कप में 8 गेंदबाज ले चुके हैं हैट्रिक
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अभी तक कुल 8 गेंदबाज हैट्रिक ले पाए हैं। इनमें ब्रेट ली, कर्टिस कैम्फर, वानिंदु हसरंगा, कैगिसो रबाडा, कार्तिक मयप्पन, जोस लिटिल, पैट कमिंस और क्रिस जॉर्डन के नाम शामिल रहे हैं। जबकि कमिंस इकलौते ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में दो बार हैट्रिक ली है। उनके अलावा और कोई ऐसा नहीं कर पाया था।
भारतीय टीम ने दो बार जीता है खिताब
भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब साउथ अफ्रीका को हराकर जीता था और तब टीम इंडिया के लिए कप्तानी की जिम्मेदारी रोहित शर्मा ने संभाली थी। वहीं इससे पहले भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में टी20 वर्ल्ड कप 2007 का खिताब अपने नाम किया था और फाइनल में चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को पटखनी दी थी।
यह भी पढ़ें:
वैभव सूर्यवंशी करेंगे कप्तानी, कितने बजे शुरू होगा भारत बनाम साउथ अफ्रीका मुकाबला
बिना खेले ही टीम इंडिया से बाहर हो जाएगा ये खिलाड़ी, न्यूजीलैंड सीरीज में होगा पत्ता साफ?