1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. महिला विश्व कप से पहले भारतीय कप्तान मिताली राज ने कही ये बड़ी बात

महिला विश्व कप से पहले भारतीय कप्तान मिताली राज ने कही ये बड़ी बात

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Feb 26, 2022 11:17 am IST,  Updated : Feb 26, 2022 11:17 am IST

भारतीय कप्तान ने कहा कि विश्व कप में पहली बार खेलने जा रही खिलाड़ियों को उन्होंने सलाह दी है कि वे दबाव नहीं लें और बड़े मंच पर खेलने का लुत्फ उठाएं। भारत विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत छह मार्च को पाकिस्तान के खिलाफ करेगा। 

Mithali Raj- India TV Hindi
Mithali Raj Image Source : PTI

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज का मानना है कि शेफाली वर्मा और रिचा घोष जैसी युवा खिलाड़ियों ने दिखाया है कि उनमें टॉप लेवल पर चुनौती पेश करने की क्षमता है। पिछली कुछ सीरीज से अगले महीने होने वाले महिला एकदिवसीय विश्व कप से पहले टीम को अपना संयोजन तैयार करने में मदद मिली है। भारत ने दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में कुछ नई प्रतिभाओं को आजमाया। विश्व कप न्यूजीलैंड में चार मार्च से शुरू होगा। 

मिलाती बोलीं, हमने प्रतिभाओं को आजमाया

कप्तानों की मीडिया कांफ्रेंस के दूसरे दिन मिताली ने कहा कि हमने टीम में कुछ युवा प्रतिभाओं को आजमाया और उनमें से अधिकतर ने दिखाया कि उनमें इस स्तर पर खेलने की क्षमता है। इनमें रिचा, शेफाली जैसी खिलाड़ी शमिल हैं, हमारे पास तेज गेंदबाजों में मेघना सिंह, पूजा वस्त्रकार हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी को काफी मैच खेलने को मिले हैं और इन सीरीज से कप्तान के रूप में मुझे काफी मदद मिली कि वे टीम के संयोजन में कहां फिट बैठती हैं। अनुभवी बल्लेबाज मिताली ने कहा कि प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के मिश्रण की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमारे पास पिछले टूर्नामेंट से कुछ अनुभवी खिलाड़ी हैं जो कोर समूह का हिस्सा हैं। उनमें से अधिकतर, यहां तक कि हाल में टीम में जगह बनाने वाली युवा खिलाड़ियों को भी लीग में खेलने का मौका मिला है। यह उन्हें द्विपक्षीय सीरीज से अलग अनुभव देता है।

भारत और पाकिस्तान के बीच होगा छह मार्च को मुकाबला
मिताली राज ने कहा कि जब आप बड़ी प्रतियोगिताओं में उतरते हो तो सिर्फ युवा खिलाड़ी ही नहीं बल्कि अनुभव पर भी निर्भर करते हो। दोनों को एक साथ लाना अच्छा मिश्रण है। रिकॉर्ड छठे आईसीसी विश्व कप में खेलने जा रही मिताली ने कहा कि वह अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि जहां तक मेरी बात है तो मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं और मैं विश्व कप में इस फॉर्म को जारी रखना चाहती हूं। भारतीय कप्तान ने कहा कि विश्व कप में पहली बार खेलने जा रही खिलाड़ियों को उन्होंने सलाह दी है कि वे दबाव नहीं लें और बड़े मंच पर खेलने का लुत्फ उठाएं। भारत विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत छह मार्च को पाकिस्तान के खिलाफ करेगा। 

(Bhasha inputs)

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल