1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम इंडिया ने कसी कमर, जापान में जमकर की इंडोर प्रैक्टिस

एशियन गेम्स 2026 के लिए टीम इंडिया ने कसी कमर, जापान में जमकर की इंडोर प्रैक्टिस

 Written By: Vanson Soral
 Published : Sep 24, 2026 04:50 pm IST,  Updated : Sep 24, 2026 04:51 pm IST

भारतीय मेन्स क्रिकेट टीम इस समय जापान में हैं। भारतीय टीम एशियन गेम्स 2026 में 28 सितंबर से अपने अभियान का आगाज करेगी। ऐसे में टीम इंडिया अपनी तैयारियों में जुटी हुई है।

Team India- India TV Hindi
टीम इंडिया Image Source : AFP

एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट मुकाबलों की शुरुआत के साथ ही टीम इंडिया ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। टूर्नामेंट में मजबूत दावेदारी पेश करने के इरादे से भारतीय मेन्स क्रिकेट टीम ने इंडोर नेट सेशन में जमकर प्रैक्टिस की। BCCI ने इस प्रैक्टिस सेशन का वीडियो भी शेयर किया, जिसमें संजू सैमसन समेत टीम के कई खिलाड़ी बल्लेबाजी और गेंदबाजी की तैयारियों में जुटे नजर आए। मुख्य कोच VVS लक्ष्मण भी पूरे सेशन के दौरान टीम के साथ मौजूद रहे।

एशियन गेम्स में भारतीय टीम के लिए यह अभियान खास महत्व रखता है। पिछले एशियन गेम्स में भारत ने क्रिकेट में मेन्स कैटेगिरी का गोल्ड मेडल जीता था। हांगझोउ में ऋतुराज गायकवाड़ की अगुआई वाली भारतीय टीम ने फाइनल में अफगानिस्तान का सामना किया था, लेकिन बारिश के कारण मुकाबला पूरा नहीं हो सका। बेहतर सीडिंग के आधार पर भारत को विजेता घोषित किया गया था।

अय्यर के हाथों में टीम इंडिया की कमान

इस बार भारतीय मेन्स टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में है। टीम में कई ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जो इंटरनेशनल लेवल पर अपनी पहचान बना चुके हैं। अय्यर के पास कप्तानी का भी अच्छा अनुभव है। वह IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब दिला चुके हैं। इसके अलावा उनकी कप्तानी में मुंबई ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीती थी, जबकि दिल्ली कैपिटल्स की भी उन्होंने अगुआई की है। 2025 में पंजाब किंग्स को IPL फाइनल तक पहुंचाने में भी अय्यर की अहम भूमिका रही थी। अब उनकी नजर एशियन गेम्स में भारत को गोल्ड दिलाने पर होगी।

स्क्वाड में एक से बढ़कर एक नाम

भारतीय टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रवि बिश्नोई जैसे स्टार खिलाड़ी शामिल हैं। तेज गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर जैसे नाम हैं। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और स्पिनर विप्रज निगम को भी टीम में जगह मिली है। तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है।

गौरतलब है कि एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का अभियान समाप्त हो चुका है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लंका को 147 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। महिला प्रतियोगिता की शुरुआत 18 सितंबर से हुई थी, जबकि मेन्स क्रिकेट आज यानी 24 सितंबर से शुरू हो गया है। भारतीय टीम 28 सितंबर से अपने अभियान का आगाज करेगी।

एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय मेन्स टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, विप्रज निगम, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, यश ठाकुर, अर्शदीप सिंह और वैभव सूर्यवंशी।

यह भी पढ़ें:

IND vs WI वनडे सीरीज में विराट कोहली और रोहित शर्मा के पास सुनहरा मौका, जल्द ही करेंगे एक और कमाल कारनामा

एशियन गेम्स में मेंस क्रिकेट का आगाज, पहले ही मुकाबले में रोचक जंग, अफगानिस्तान ने मारी बाजी

 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल