Prithvi Shaw Engagement: टीम इंडिया के क्रिकेटर और सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने अपनी लॉन्ग-टाइम गर्लफ्रेंड और मशहूर एक्ट्रेस आकृति अग्रवाल के साथ सगाई कर ली है। सगाई करके पृथ्वी शॉ और आकृति ने अपने फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया है। पिछले काफी समय से दोनों के रिलेशनशिप की खबरें चर्चा में थीं, लेकिन अब उन्होंने सगाई करके अपने इस रिलेशनशिप पर मुहर लगा दी है। इसके साथ ही पृथ्वी ने अपनी जिंदगी की नई पारी की शुरुआत भी कर दी है। हाल ही में सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी में पृथ्वी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ समारोह में पहुंचे थे।
पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल ने अपने इंगेजमेंट की खबर इंस्टाग्राम पर कुछ खूबसूरत तस्वीर शेयर करके फैंस को दी है। अपनी सगाई की तस्वीरें साझा करते हुए पृथ्वी शॉ ने एक इमोशनल कैप्शन लिखा। उन्होंने लिखा कि मैदान पर छक्के लगाने से लेकर जिंदगी की नई पारी तक का सफर अब और भी खास हो गया है। शॉ ने अपनी मंगेतर आकृति अग्रवाल को अपनी परफेक्ट इनिंग बताते हुए लिखा कि जैसे क्रिकेट में शानदार शॉट्स खुशी देते हैं, वैसे ही जिंदगी में उनका साथ उन्हें सबसे बड़ी खुशी देता है।
इस बीच, पृथ्वी शॉ अपनी सगाई के तुरंत बाद अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आने वाले सीजन की तैयारी शुरू करेंगे। वह इस साल दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलेंगे। दिल्ली ने मिनी ऑक्शन में पृथ्वी शॉ को 75 लाख रुपये में खरीदा था। हालांकि अब ये देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें प्लेइंग XI में मौका मिलता है या नहीं। दिलचस्प बात यह है कि वह IPL 2025 में अनसोल्ड रहे थे। लेकिन इस आईपीएल सीजन में वह फिर से दिल्ली के लिए खेलते हुए दिखेंगे।
पृथ्वी शॉ ने 2018 में IPL में डेब्यू किया था और तब से सिर्फ दिल्ली कैपिटल्स के लिए ही खेले हैं। उन्होंने अब तक 79 मैचों में लगभग 24 के औसत और 147.46 के स्ट्राइक रेट से 1892 रन बनाए हैं, जिसमें उनके नाम 14 फिफ्टी दर्ज हैं। हालांकि पिछले कुछ आईपीएल सीजन में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था जिस वजह से उन्हें पहले ड्रॉप किया गया और बाद में IPL 2025 से पहले हुए मेगा ऑक्शन में किसी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा था। पृथ्वी शॉ लंबे वक्त से टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं। उन्हें पिछली बार भारत के लिए 2021 में खेलते देखा गया था। उन्होंने अब तक भारत के लिए पांच टेस्ट, छह वनडे और एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं।
यह भी पढ़ें
T20 विश्व कप 2026 जीतते ही टीम इंडिया बनाएगी 3 वर्ल्ड रिकॉर्ड, अभी तक कभी नहीं हुआ ऐसा कमाल
संपादक की पसंद