भारत महिला टीम को ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के खिलाफ वनडे मैच में 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 282 रन का टारगेट रखा था। ऑस्ट्रेलिया ने इस टारगेट को 44.1 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। मंधाना और प्रतिका रावल की अर्धशतकीय पारी इस मैच में बेकार गई। ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाज फोएब लिचफील्ड को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। तीन मैचों की इस सीरीज में फिलहाल ऑस्ट्रेलिया की टीम 1-0 से आगे है। इस हार के बाद अब महिला वनडे वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया की टेंशन बढ़ हो गई होगी।
भारतीय महिला टीम के टॉप-3 बल्लेबाजों ने लगाया अर्धशतक
भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल की सलामी जोड़ी ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी हुई। मंधाना ने 63 गेंदों पर छह चौके दो छक्के की मदद से 58 रन बनाए। वहीं प्रतिका रावल ने 96 गेंदों में 6 चौके की मदद से 64 रन बनाए। वहीं नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरी हरलीन देओल ने 57 गेंदों पर 54 रन बनाए। टॉप-3 के अलावा इस मैच में महिला टीम की कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाई। कप्तान हरमनप्रीत ने एक बार फिर सभी को निराश किया और 9 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुई। वहीं लोअर मिडिल ऑर्डर में ऋचा घोष ने 20 गेंदों पर 25 और दीप्ति शर्मा ने 16 गेंदों पर 20 रन बनाए और टीम अंत में 281 रन बनाने में कामयाब हो सकी। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मेगन शुट्ट ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए।
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से तीन बल्लेबाजों ने खेली फिफ्टी प्लस रनों की पारी
282 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की शुरुआत भी ठीक-ठाक हुई। 45 के स्कोर पर टीम को पहला झटका लगा, जब एलिसा हीली 23 गेंदों पर 27 रन बनाकर आउट हुई। इसके बाद फोएब लिचफील्ड ने 80 गेंदों पर 88 रनों की पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 14 चौके लगाए। इसके बाद एलिस पेरी 38 गेंदों पर 30 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गई। इसके बाद बचा हुआ काम बेथ मूनी और एनाबेल सदरलैंड ने किया। मूनी ने 9 चौकों की मदद से 74 गेंदों पर नाबाद 77 रन बनाए। वहीं सदरलैंड 51 गेंदों में 54 रन बनाकर नाबाद लौटीं। भारत की तरफ से गेंदबाजी में क्रांति गौड़ और स्नेह राणा ने 1-1 विकेट लिया।
यह भी पढ़ें
ब्लंडर! पाकिस्तान के नेशनल एंथम की जगह ये क्या बजा दिया? गलती से चल गया आइटम सॉन्ग
हार्दिक पांड्या ने सैम अयूब का विकेट के लेकर किया कमाल, ऐसा करने वाले बने सिर्फ दूसरे भारतीय