1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2023 Auction : इस बार टूट जाएगा सबसे महंगे खिलाड़ी का कीर्तिमान! जानिए कौन हैं दावेदार

IPL 2023 Auction : इस बार टूट जाएगा सबसे महंगे खिलाड़ी का कीर्तिमान! जानिए कौन हैं दावेदार

 Published : Dec 22, 2022 12:36 pm IST,  Updated : Dec 22, 2022 12:36 pm IST

IPL 2023 Auction : आईपीएल 2023 के ऑक्शन में अब कुछ ही घंटे शेष हैं, इस बीच उन 405 खिलाड़ियों की धुकधुकी बढ़ी हुई है, जिन पर इस साल बोली लगने वाली है।

IPL 2023 Mini Auction - India TV Hindi
IPL 2023 Mini Auction Image Source : PTI/GETTY/IPLT20.COM

IPL Auction 2023  Expensive Player List : आईपीएल 2023 का ऑक्शन काफी करीब है। अब दिन नहीं, बल्कि कुछ घंटे की बचे हैं, जब आईपीएल 2023 के लिए खिलाड़ियों की बोली शुरू हो जाएगी। 23 दिसंबर को दोपहर बाद ढाई बजे से कोच्चि में ऑक्शन शुरू होगा। इसलिए तैयारी करीब करीब अंतिम चरण में है। सभी दस टीमों का मुख्य स्टॉफ कोच्चि पहुंच चुका है और उनकी लिस्ट भी तैयार हो गई है कि किन खिलाड़ियों पर निशाना लगाना है और किन खिलाड़ियों को किसी भी कीमत पर अपने पाले में कर लेना है। इस बीच संभावना जताई जा रही है कि इस बार आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी का रिकॉर्ड भी टूट सकता है। लेकिन इससे पहले कि हम आपको बताएं कि आईपीएल में इस बार सबसे महंगा कौन सा खिलाड़ी बिक सकता है, उससे पहले आपको ये जानना चाहिए कि ऑक्शन में अब तक के सबसे महंगे तीन खिलाड़ी आखिर हैं कौन से। चलिए डालते हैं इस पर एक नजर। 

Yuvraj Singh
Image Source : GETTYYuvraj Singh

क्रिस मॉरिस आईपीएल ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी 

आईपीएल के ऑक्शन पर नजर डालें तो पता चलता है कि दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस आईपीएल के ऑक्शन में बिकने वाले सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। राजस्थान रॉयल्स ने साल 2021 के मिनी ऑक्शन में उन्हें 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। इससे पहले क्रिस मॉरिस दस करोड़ रुपये में आरसीबी के लिए खेल रहे थे, लेकिन जब उन्हें रिलीज कर दिया गया और वे ऑक्शन के मैदान में आए। राजस्थान रॉयल्स ने उन पर 16 करोड़ से भी ज्यादा की बोली लगा दी थी। खास बात ये है कि क्रिस मॉरिस का बेस प्राइज 75 लाख रुपये ही था। जब वे 16.25 करोड़ रुपये में बिके उस साल उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए 11 मैचों में 15 विकेट लिए थे। हालांकि बल्ले से वे उस तरह का प्रदर्शन नहीं कर पाए थे और उनके खाते में केवल 67 रन ही दर्ज हैं। हालांकि इसके बाद ही क्रिस मॉरिस ने आईपीएल से भी रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया था और वे दोबारा नजर नहीं आए। 

Pat Cummins
Image Source : PTIPat Cummins

युवराज सिंह और पैट कमिंस भी ऑक्शन में बिकने वाले सबसे महंगे खिलाड़ी 
इसके बाद अगर दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी की बात की जाए तो वे रहे हैं भारत के सिक्सर किंग के नाम से मशहूर युवराज सिंह। युवराज सिंह भी साल 2015 के ऑक्शन में 16 करोड़ रुपये में बिके थे। उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने अपने पाले मेें किया था। 16 करोड़ रुपये में बिके युवराज सिंह ने उस साल दिल्ली कैपिटल्स के लिए 14 मैचों में केवल 248 रन ही बनाए थे और अपनी कीमत के हिसाब से प्रदर्शन करने में कामयाब नहीं हो पाए थे। इसके बाद युवराज ंिसंह को दिल्ली कैपिटल्स ने रिलीज कर दिया था। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने सात करोड़ रुपये में अपने साथ कर लिया था। हालांकि साल 2019 के बाद युवराज सिंह आईपीएल में नजर नहीं आ रहे हैं। इसके बाद अगर तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी की बात की जाए तो पता चलता है कि इस पर ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस हैं। साल 2020 के आईपीएल ऑक्शन में केकेआर यानी कोलकाता नाइटराइडर्स ने उन पर 15.5 करोड़ रुपये की बोली लगाकर सभी को चौंका दिया था। उस साल पैट कमिंस ने अपनी टीम के लिए 12 विकेट लिए थे। हालांकि उन्होंने बल्ले से भी काफी योगदान अपनी टीम के लिए दिया था। इसके बाद पैट कमिंस को केकेआर ने रिलीज कर दिया, लेकिन अगले साल के ऑक्शन में फिर से इसी टीम ने उन्हें खरीदा, लेकिन इस बार कीमत 7.25 करोड़ रुपये ही रह गई थी। इस बार कमिंस ने पांच मैचों में सात विकेट अपनी टीम के लिए लिए थे। वहीं बल्लेबाजी से भी अच्छे हाथ दिखाए थे। इस बार पैट कमिंग आईपीएल में नजर नहीं आएंगे। 

 

Sam Curran
Image Source : IPLT20.COMSam Curran

बेन स्टोक्स, सैम करन, मयंक अग्रवाल, केन विलियमसन हो सकते हैं सबसे महंगे 
ये तो रही आईपीएल के ऑक्शन के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ियों के बारे में बात। लेकिन इस बार इस कीर्तिमान को कौन तोड़ सकता है। इसके लिए पहला नाम तो इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ही सबसे खास नजर आ रहा है। उन्होंने अपना बेस प्राइज इस बार दो करोड़ रुपये रखा है। वहीं अगर बात दूसरे खिलाड़ी की करें तो इसमें सैम करन का भी दावा काफी मजबूत है, वे भी गेंद और बल्ले दोनों से मैच विनर प्लेयर हैं। भारत के मयंक अग्रवाल भी दावेदारी पेश कर रहे हैं। उनका बेस प्राइज एक करोड़ रुपये है, लेकिन वे इससे कहीं ज्यादा कीमत पर बिकेंगे, ये भी करीब करीब पक्का है। साथ ही दो करोड़ बेस प्राइज वाले केन विलियमसन भी महंगे खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो सकते हैं। बाकी देखना होगा कि दस टीमों ने किस खिलाड़ी पर सबसे ज्यादा बोली लगाने की तैयारी की है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल