1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2023 : दिल्ली कैपिटल्स को मिलने वाला है नया कप्तान, अक्षर पटेल की खुलेगी किस्मत!

IPL 2023 : दिल्ली कैपिटल्स को मिलने वाला है नया कप्तान, अक्षर पटेल की खुलेगी किस्मत!

 Published : Feb 23, 2023 12:55 pm IST,  Updated : Feb 23, 2023 12:55 pm IST

IPL 2023 : Delhi Capitals New Captain : आईपीएल 2023 के लिए सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने नए कप्तान का ऐलान कर दिया है, जो एडन मार्करम होंगे। अब दिल्ली कैपिटल्स की बारी है कि वे अपने कप्तान की घोषणा करें।

Delhi Capitals Team- India TV Hindi
Delhi Capitals New Captain Image Source : IPLT20.COM

IPL 2023 Delhi Capitals New Captain : आईपीएल 2023 का रोमांच छाने लगा है। भले इस साल का सीजन शुरू होने में अभी करीब एक महीने का वक्त हो, लेकिन इससे पहले ही खबरें आनी शुरू हो गई हैं। बीसीसीआई ने जिस दिन से आईपीएल 2023 के पूरे शेड्यूल का ऐलान किया है, उसके बाद से टीमों की स​क्रियता और भी ज्यादा बढ़ गई है। गुरुवार को सुबह सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने कप्तान का ऐलान किया और एडन मार्करम को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंप दी। हालांकि अभी भी एक टीम ऐसी है, जिसे अपने कप्तान का ऐलान करना है। वैसे तो दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी की जिम्मेदारी ऋषभ पंत संभाल रहे थे। लेकिन 30 दिसंबर को हुए एक सड़क हादसे में वे बुरी तरह से घायल हो गए थे। इसके बाद से ही कयास लगाए जाने लगे कि ऋषभ पंत अब इस साल का आईपीएल नहीं खेल पाएंगे। इसके कुछ ​ही दिन बाद खबर आई कि अब ऋषभ पंत करीब छह महीने के लिए ​क्रिकेट नहींं खेल पाएंगे। इसके बाद इस पर भी मोहर लग गई कि ऋषभ पंत आईपीएल 2023 भी नहीं खेल पाएंगे। उसके बाद शुरू हुआ कप्तान को खोजने का दौर। इसको लेकर तमाम नामों की अटकलें लगी। लेकिन अब लगता है कि दिल्ली कैपिटल्स ने अपना नया कप्तान तय कर लिया है। 

David Warner in IPL
Image Source : PTIDavid Warner

डेविड वार्नर हो सकते हैं दिल्ली कैपिटल्स के नए कप्तान, अक्षर पटेल बन सकते हैं उपकप्तान

सनराइजर्स हैदराबाद ने एडन मार्करम को अपना नया कप्तान बनाया है, वहीं अब खबर आ रही है कि दिल्ली कैपिटल्स के नए कप्तान डेविड वार्नर हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि नाम करीब करीब तय कर लिया गया है और टीम किसी भी वक्त आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान कर सकती है। वहीं खबर ये भी हैं कि अक्षर पटेल को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी जा सकती है। क्रिकबज की एक रिपोर्ट सामने आई है जिसमें कहा गया है कि दिल्ली कैपिटल्स के स्वामित्व समूह के एक सदस्य ने कहा है कि डेविड वार्नर उनके नए कप्तान होंगे और अक्षर पटेल उपकप्तानी का जिम्मा संभालेंगे। दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी डेविड वार्नर को देने के पीछे एक कारण ये भी है कि टीम के हेड कोच रिकी पोंटिंग हैं। उनसे राय मश​बरे के बाद ये फैसला किया गया है। हालांकि डेविड वार्नर अभी चोटिल हैं, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के दूसरे मैच में वे घायल हो गए थे, इसके बाद दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए भी नहीं आए। अब वे तीसरे टेस्ट मैच से भी बाहर हो गए हैं। लेकिन ऑस्ट्रेलिया की ओर से भारत के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जिस टीम का ऐलान किया है, उसमें डेविड वार्नर को शामिल किया गया है, इसलिए माना जा रहा है कि वे जल्द ही ठीक हो जाएंगे और आईपीएल में खेलते हुए दिखाई देंगे। 

David Warner
Image Source : APDavid Warner

डेविड वार्नर को दिल्ली कैपिटल्स ने 6.25 करोड़ करोड़ रुपये में खरीदा था 
डेविड वार्नर इससे पहले आईपीएल में ही सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान रहे हैं और उनकी कप्तानी में ही टीम ने साल 2016 का एक मात्र खिताब जीता था। वे करीब चार साल तक एसआरएच के कप्तान रहे, हालां​कि पांचवें सीजन के बीच में ही उन्हें कप्तानी से हटा​ दिया गया और केन विलियमन को ये जिम्मेदारी दी गई। बड़ी खबर तब आई जब एसआरएच ने उन्हें टीम से भी रिलीज कर दिया था। इसके बाद वे दोबारा नीलामी में गए और इस बार दिल्ली कैपिटलस ने उन्हें खरीदने में कायमाबी हासिल कर ली। उनका बेस प्राइज दो करोड़ रुपये था और कई टीमों ने उन्हें अपने पाले में करने की कोशिश की। दिल्ली कैपिटल्स के अलावा मुंबई इंडियंस और सीएसके ने भी उन पर दांव खेलने की कोशिश की और बोली लगाई, लेकिन 6.25 करोड़ रुपये खर्च कर दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें खरीद लिया। वे सलामी बल्लेबाज हैं। साल 2022 से पहले भी अपने आईपीएल के करियर की शुरुआत डेविड वार्नर ने दिल्ली से ही की थी, तब टीम का नाम ​दिल्ली डेयर​डेविल्स था, अब वे फिर से अपनी पुरानी टीम में आ गए हैं और इस बार तो कप्तानी की जिम्मेदारी देने की बातें भी सामने आ रही हैं। दिल्ली के कप्तान का नाम सामने आने के बाद सभी दस टीमों के कप्तान तय हो जाएंगे। हालांकि अभी आधिकारिक ऐलान का इंतजार किया जाना चाहिए।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल