1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2023 के लिए मुंबई इंडियंस ने शुरू की तैयारी, जानिए मास्टर प्लान

IPL 2023 के लिए मुंबई इंडियंस ने शुरू की तैयारी, जानिए मास्टर प्लान

 Published : Jun 29, 2022 03:18 pm IST,  Updated : Jun 29, 2022 03:18 pm IST

मुंबई इंडियंस सबसे ज्यादा आईपीएल के खिताब जीतने वाली टीम है। उसने अभी तक सबसे ज्यादा पांच बार आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम की है। 

IPL 2023 Mumbai Indians- India TV Hindi
IPL 2023 Mumbai Indians Image Source : INDIA TV

Highlights

  • मुंबई इंडियंस ने अभी से शुरू की आईपीएल 2023 की तैयारी
  • आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस का रहा था खराब प्रदर्शन
  • मुंबई इंडियंस ने 14 में से केवल चार मैच जीते, दस में हार

IPL 2023 Mumbai Indians News : आईपीएल की सबसे बड़ी चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2022 का सीजन काफी खराब रहा था। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस की टीम इस साल के आईपीएल में प्लेआफ के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर पाई थी। इस साल मुंबई इंडियंस कई तरह की दिक्कतों से गुजरी। अब अगले साल के आईपीएल में काफी वक्त है, लेकिन मुंबई इंडियंस ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इस बीच खबर ये है कि मुंबई इंडियंस के कुछ घरेलू खिलाड़ी तीन हफ्ते के लिए ब्रिटेन दौरे पर जा रहे हैं। वहां पर कुछ विदेशी खिलाड़ी भी टीम के साथ जुड़ेंगे। 

मुंबई इंडियंस के घरेलू क्रिकेटर जाएंगे ​ब्रिटेन

आईपीएल 2022 में खराब प्रदर्शन के बाद मुंबई इंडियंस ने अगले साल की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। मुंबई इंडियंस अंतरराष्ट्रीय डेब्यू नहीं करने वाले अपने भारतीय खिलाड़ियों को जुलाई में तीन महीने के अनुभव दौरे पर इंग्लैंड लेकर जाएगी। जहां पर मुंबई इंडियंस के युवा भारतीय खिलाड़ियों को कई काउंटी के टॉप क्लब टीम के खिलाफ कम से कम 10 टी20 मैच खेलने का मौका मिलेगा। आईपीएल के एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई को बताया कि एनटी तिलक वर्मा, कुमार कार्तिकेय, रमनदीप सिंह, ऋतिक शौकीन जैसे कुछ खिलाड़ी हैं जिन्हें मुश्किल हालात में टॉप टी20 क्लब की टीम के खिलाफ खेलने का अनुभव हासिल होगा। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन में मौजूद अर्जुन तेंदुलकर और दक्षिण अफ्रीका के युवा क्रिकेटर डेवाल्ड ब्रेविस के भी टीम के साथ जुड़ने की संभावना है। 

अर्जुन तेंदुलकर और डेवाल्ड ब्रेविस भी होंगे शामिल 
भारतीय खिलाड़ियों की प्रगति पर नजर रखने के लिए मुख्य कोच महेला जयवर्धने की कोचिंग वाला मुंबई इंडियंस का सहयोगी स्टाफ भी इंग्लैंड में मौजूद रहेगा। सूत्र ने संकेत दिए हैं कि भारत का घरेलू सीजन खत्म हो चुका है। कप्तान रोहित शर्मा, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह जैसे टॉप खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम के साथ हैं, हमारे अंतरराष्ट्रीय स्टार भी अपनी प्रतिबद्धताओं के साथ व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि जिन खिलाड़ियों पर ध्यान देने की जरूरत है वे हमारे युवा कोर खिलाड़ी हैं क्योंकि अगला घरेलू सीजन शुरू होने से पहले साढ़े तीन महीने तक उन्हें कोई मैच अभ्यास नहीं मिलेगा। 

आईपीएल 2022 की प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे थी एमआई
मुंबई इंडियंस की टीम सबसे ज्यादा आईपीएल के खिताब जीतने वाली टीम है। उसने अभी तक सबसे ज्यादा पांच बार आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम की है। लेकिन इस साल टीम का प्रदर्शन बहुत खराब रहा था। टीम ने अपने जो 14 लीग मैच खेले, उसमें से टीम को केवल चार ही मैचों में जीत मिली, बाकी दस मैच टीम हार गई थी। टीम दस टीमों के आईपीएल में सबसे नीचे रही थी। लेकिन इस बार टीम ने जिस तरह से अभी से तैयारी शुरू कर दी है, उससे लगता है कि अगले साल टीम नए रूप रंग में सामने आएगी और बाकी टीमों के लिए मुश्किल चुनौती खड़ी करेगी। 

ब्रिटेन दौरे पर जाने वाले ये हैं संभावित खिलाड़ी
एनटी तिलक वर्मा, कुमार कार्तिकेय, ऋतिक शौकीन, मयंक मारकंडेय, राहुल बुद्धि, रमनदीप सिंह, अनमोलप्रीत सिंह, बासिल थम्पी, मुरुगन अश्विन, आर्यन जुयाल, आकाश मेधवाल, अरशद खान, अर्जुन तेंदुलकर, डेवाल्ड ब्रेविस (विदेशी)। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल