1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL Playoffs Race: पहले तेज दौड़ी टीमों की गाड़ी हुई पंक्चर, अब प्लेऑफ के पड़ गए लाले

IPL Playoffs Race: पहले तेज दौड़ी टीमों की गाड़ी हुई पंक्चर, अब प्लेऑफ के पड़ गए लाले

 Published : May 18, 2026 08:02 am IST,  Updated : May 18, 2026 08:02 am IST

आईपीएल प्लेऑफ की जंग अब काफी दिलचस्प हो चली थी, जो टीमें पहले अपने मैच जीतती चली जा रही थीं, वो हार के बीच फंसी हैं। इसमें पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स का नाम लिया जा सकता है।

shreyas iyer and riyan parag- India TV Hindi
श्रेयस अय्यर और रियान पराग Image Source : AP

आईपीएल प्लेऑफ में कौन कौन सी चार टीमें पहुंचेंगी, इसकी तस्वीर आने वाले कुछ दिन में साफ हो जाएगी। अभी तक केवल आरसीबी ने इसमें अपनी जगह पक्की की है, दो को छोड़कर बाकी टीमों की दावेदारी अभी जारी है। इस साल के आईपीएल में जो रोचक बात सामने आई, वो ये है कि जो टीमें शुरुआत में बहुत तेज भागी और अपने मैच जीतते चली जा रही थी, उनकी गाड़ी अचानक पंक्चर हो गई, वहीं जो टीमें शुरुआत में ​कुछ दिक्कत में थी, वो अब भाग रही हैं और हो सकता है कि प्लेऑफ में पहुंच भी जाएं। 

पंजाब किंग्स की टीम अचानक हो गई डिरेल

पहले तेज भागने वाली और फिर डिरेल हो जाने वाली सबसे बड़ी टीम पंजाब किंग्स ही है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब ​किंग्स ने इस बार जबरदस्त आगाज किया। टीम ने अपने पहले सात में से छह मैच जीत लिए थे। एक मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया इसलिए टीम को एक अंक मिला था। यानी टीम ने पहले सात मुकाबलों में ही 13 अंक हासिल कर लिए थे और ये माना जा रहा था कि इस बार टीम टॉप 4 की दावेदारी पेश कर रही है और हो सकता है कि खिताब भी जीत जाए, लेकिन अचानक ना जाने क्या हुआ कि सब कुछ बेपटरी हो गया। 

पीबीकेएस के लिए प्लेऑफ में जाना मुश्किल

अब टीम अपने छह लगातार मैच हार चुकी है और हो सकता है कि अब प्लेऑफ में न जा पाए। टीम अभी नंबर चार पर है। लेकिन अब पंजाब का एक ही मैच और बचा है। लेकिन बाकी जो टीमें उससे नीचे हैं, उनके दो दो मैच बाकी हैं, ऐसे में इस बात की संभावना काफी कम है कि टीम ज्यादा दिनों तक टॉप 4 में रहेगी, नीचे वाली टीम एक मैच जीती नहीं कि पंजाब का खेल खराब हो जाएगा। 

राजस्थान रॉयल्स की टीम भी अच्छी शुरुआत के बाद हो गई बेपटरी

ऐसी ही एक और टीम है, राजस्थान रॉयल्स। टीम ने अपने पहले चार मुकाबले बिना किसी दिक्कत के जीत लिए थे और टॉप 4 में थी। लेकिन इसके बाद वहां भी न जाने क्या हुआ कि खेल खराब होने लगा। टीम इसके बाद चार में से तीन मैच हार गई। टीम अपने पिछले आठ मैचों में से केवल दो ही जीत पाई है और दो में ही जीत मिली है। टीम इस वक्त अंक तालिका में नंबर 5 पर है। हालांकि टीम अभी भी प्लेऑफ की दावेदार है, लेकिन उसकी भी राह काफी कठिन नजर आती है। राजस्थान के पास 12 अंक हैं, जो कई और टीमों के भी हैं। एक और मैच में हार राजस्थान की कहानी खत्म करने के लिए काफी होगी। ये वो टीमें हैं, जिनका आगाज तो इस साल अच्छा हुआ, लेकिन अब नहीं लगता कि प्लेऑफ में पहुंच पाएंगी। हालांकि अभी कुछ मैच बाकी हैं, जहां का उलटफेर कुछ भी कर सकता है। 

यह भी पढ़ें 

ऑरेंज कैप की रेस में नया मोड़, पांच बल्लेबाज 500 के पार, एक टीम के 2 टॉपर

IPL Points Table: अंक तालिका में फिर उठापटक, अभी तक केवल एक ही टीम की प्लेऑफ में एंट्री

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल