आईपीएल इतिहास की सबसे पुरानी टीमों में से एक और पिछले सीजन की उपविजेता पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 के लिए होने वाले मिनी ऑक्शन से पहले अपने रिलीज और रिटेन प्लेयर्स के नाम का का ऐलान कर दिया है। पंजाब किंग्स की टीम ने पिछले सीजन में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में शानदार प्रदर्शन किया लेकिन खिताब अपने नाम करने से चूक गई। पंजाब की टीम सबसे ज्यादा संतुलित नजर आ रही थी इसी वजह से टीम फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही थी। ऐसे में अगले सीजन के लिए भी टीम ने स्क्वॉड में कुछ ज्यादा बदलाव नहीं किए हैं।
पंजाब किंग्स द्वारा रिलीज किए गए खिलाड़ी
ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया), जॉश इंग्लिस, एरॉन हार्डी (ऑस्ट्रेलिया), कुलदीप सेन (भारत), प्रवीण दुबे (भारत).
पहले से यह तय माना जा रहा था कि ग्लेन मैक्सवेल को पंजाब किंग्स की टीम रिलीज करेगी और अंत में ऐसा ही कुछ देखने को मिला। इसके अलावा उन्होंने जोश इंगलिस, आरोन हार्डी, कुलदीप सेन, प्रवीण दुबे को रिलीज करने का फैसला किया है। अब पंजाब किंग्स की टीम मिनी ऑक्शन में किन प्लेयर्स को खरीदती है ये देखना भी दिलचस्प होगा। ऑक्शन में पंजाब किंग्स की टीम 11.5 करोड़ के पर्स के साथ जाएगी।
पंजाब किंग्स द्वारा रिटेन किए गए खिलाड़ी
रिटेन किए गए प्लेयर्स की बात करें तो वहां पंजाब किंग्स ने अपने कोर ग्रुप को रिटेन किया है। उन्होंने श्रेयस अय्यर, प्रियांश आर्या, प्रभसिमरण सिंह जैसे भारतीय खिलाड़ियों को रिटेन किया है। वहीं गेंदबाजी में उन्हें अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, हरप्रीत बरार और विजयकुमार वैशाक पर भरोसा जताया है।
रिटेन प्लेयर्स: श्रेयस अय्यर, प्रियांश आर्य, पायला अविनाश, हरनूर सिंह, मिचेल ऑवन, प्रभसिमरन सिंह, नेहाल वढ़ेरा, अजमतुल्लाह ओमरजई, मार्को यानसन, मुशीर खान, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, हरप्रीत बराड़, विजयकुमार वैशाक, काइल जैमीसन, यश ठाकुर, लॉकी फर्ग्यूसन
IPL 2025 में कैसा रहा पंजाब किंग्स का प्रदर्शन?
पंजाब किंग्स की टीम का आईपीएल 2025 में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में शानदार प्रदर्शन रहा था। अय्यर की कप्तानी में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल में पहुंचने में सफल रही। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ फाइनल मैच में पंजाब किंग्स को हार का सामना करना पड़ा था। बावजूद इसके पंजाब के पूरे सीजन किए प्रदर्शन की सराहना हुई। पंजाब किंग्स ने लीग दौर में खेले 14 मैच में से 9 में जीत दर्ज की जबकि 4 मैच में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा। एक मुकाबले का कोई परिणाम नहीं निकला। पंजाब किंग्स की टीम पिछले सीजन 19 पॉइंट्स के साथ पॉइंट्स टेबल में नंबर 1 पर रही थी।। पहले क्वालीफायर में पंजाब को आरसीबी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद दूसरे क्वालीफायर में मुंबई इंडियन्स को मात देकर फाइनल में पहुंचने में सफल रही लेकिन खिताब जीतने से चूक गई।
यह भी पढ़ें:
CSK ने इस स्टार खिलाड़ी से तोड़ा नाता, जारी कर दी रिटेन और रिलीज हुए प्लेयर्स की लिस्ट
IPL 2026 Retention Live: सामने आई रिटेंशन की लिस्ट, इन प्लेयर्स को किया गया रिटेन और रिलीज